विदेश की खबरें | इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू चक्कर आने के बाद अस्पताल में हुए भर्ती, जांच के बाद मिली छुट्टी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. नेतन्याहू (73) को शनिवार को हल्का चक्कर आने के बाद शेबा मेडिकल सेंटर ले जाया गया था।
नेतन्याहू (73) को शनिवार को हल्का चक्कर आने के बाद शेबा मेडिकल सेंटर ले जाया गया था।
नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि जांच के बाद रविवार दोपहर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इससे पहले कार्यालय ने कहा था कि जांच रिपोर्ट सामान्य है और नेतन्याहू "बहुत अच्छा" महसूस कर रहे हैं।
शेबा मेडिकल सेंटर ने बताया कि हृदय तथा रक्तवाहिकाओं संबंधी जांच समेत विभिन्न जांच के बाद नेतन्याहू की तबीयत बहुत अच्छी है।
अस्पताल ने कहा कि प्रधानमंत्री को छुट्टी दिए जाने के बाद उनकी मेडिकल टीम उनकी देखभाल करती रहेगी।
नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि उन्होंने कल का दिन उत्तरी इजराइल में स्थित पर्यटन स्थल ‘सी ऑफ गैलिली’ में बिताया, जहां तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इजराइल में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है।
नेतन्याहू की स्वास्थ्य जांच में पता चला कि उनके शरीर में पानी की कमी हो गई थी।
अस्पताल में भर्ती होने के बाद नेतन्याहू ने कल रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने मुस्कुराते हुए बताया कि वह शुक्रवार को टोपी पहने बिना और पर्याप्त मात्रा में पानी पीये बगैर धूप में निकले थे।
उन्होंने कहा, ''यह अच्छा फैसला नहीं था।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)