ऑनलाइन शराब खरीदने की कोशिश में IAS अधिकारी Lokesh Jangid के साथ हुई धोखाधड़ी, यहां पढ़ें क्या है पूरा मामला
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को शिकायत के हवाले से बताया कि भोपाल में तैनात भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी लोकेश कुमार जांगिड़ (35) को 11 जुलाई को इंटरनेट पर शराब की दुकान खोजने के दौरान एक व्हाट्सएप नंबर मिला.
भोपाल, 27 अगस्त: आनलाइन शराब खरीदने की कोशिश में एक भारतीय प्रशासनिक सेवा के एक अधिकारी से कथित तौर पर एक ठग ने 34 हजार रुपये ठग लिए. पुलिस ने इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को शिकायत के हवाले से बताया कि भोपाल में तैनात भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी लोकेश कुमार जांगिड़ (35) को 11 जुलाई को इंटरनेट पर शराब की दुकान खोजने के दौरान एक व्हाट्सएप नंबर मिला. उन्होंने बताया कि जांगिड़ ने उस नंबर पर संपर्क किया तो इसके बाद उन्हें एक फोन आया और कॉल करने वाले ने कहा कि वह शराब की दुकान का कर्मचारी है और जो शराब वह खरीदना चाहते हैं उसके लिए यूपीआई माध्यम से 17,000 रुपये का भुगतान करना होगा.
उन्होंने कहा कि आईएएस अधिकारी ने पैसे ट्रांसफर कर दिए लेकिन फोन करने वाले ने कहा कि उसे कोई भुगतान नहीं मिला. फिर फोन करने वाले ने अधिकारी से भुगतान के लिए यूपीआई क्यूआर कोड मांगा और उनके खाते से 17 हजार रुपए और निकाल लिए. इसके बाद भी आरोपी ने कहा कि उसे पैसे नहीं मिले. इसके बाद जांगिड़ को एहसास हुआ कि यह एक धोखाधड़ी है.
यह भी पढ़ें- जरुरी जानकारी | एमएमटीसी धोखाधड़ी मामले में ईडी ने आभूषण कंपनी की 363 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क कीं
पुलिस अधिकारी ने कहा कि अपराध शाखा में शिकायत दर्ज करने के बाद मुख्य आरोपी का पता लगा लिया गया और उसे इस सप्ताह की शुरुआत में गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि पुलिस इस सिलसिले में दो और लोगों की तलाश कर रही है जिनके लिए गिरफ्तार व्यक्ति कथित तौर पर काम करता था.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 27, 2021 08:01 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

