जरुरी जानकारी | इरडा ने मैक्स लाइफ पर तीन करोड़, एक्सिस बैंक पर दो करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. बीमा नियामक इरडा ने एक शेयर लेनदेन मामले में नियमों का उल्लंघन करने पर मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी पर तीन करोड़ रुपये और एक्सिस बैंक पर दो करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है।
नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर बीमा नियामक इरडा ने एक शेयर लेनदेन मामले में नियमों का उल्लंघन करने पर मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी पर तीन करोड़ रुपये और एक्सिस बैंक पर दो करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है।
भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) ने अपने एक आदेश में कहा कि एक्सिस बैंक और समूह की कंपनियों की तरफ से शेयरों की बिक्री एवं खरीद से संबंधित मामले में बीमा कंपनी ने निर्धारित मानकों का उल्लंघन किया है लिहाजा उसपर यह जुर्माना लगाया जा रहा है।
इरडा ने अपने आदेश में कहा, ‘‘यह साफ है कि एक्सिस बैंक ने मैक्स लाइफ में अपने 0.998 प्रतिशत शेयरों को मार्च, 2021 में एमएफएसएल और एमएसआई को 166 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचा। उसके बाद मार्च-अप्रैल, 2021 में एक्सिस बैंक और उसके समूह की कंपनियों ने एमएफएसएल के 12.002 प्रतिशत शेयरों का अधिग्रहण कर लिया। यह प्राधिकरण की तरफ से जारी निर्देशों के अनुरूप नहीं है।’’
यहां पर एमएफएसएल का आशय मैक्स फाइनेंशियल सर्विस लिमिटेड से है जबकि एमएसआई का आशय मित्शुई सुमितोमो इंटरनेशनल से है।
इरडा ने अपने एक अन्य आदेश में बीमा कंपनी के कॉरपोरेट एजेंट के रूप में काम करने वाले एक्सिस बैंक पर भी दो करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। एक्सिस बैंक को मैक्स लाइफ इंश्योरेंस के शेयरों का लेनदेन कर खासी मात्रा में असंगत लाभ कमाने पर यह जुर्माना लगाया गया है।
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)