देश की खबरें | आईआरसीटीसी की वेबसाइट, मोबाइल एप की सुविधा 'तकनीकी कारण' से कई घंटे बाधित रही
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट और मोबाइल ऐप्लिकेशन पर मंगलवार को कई घंटे तक ''तकनीकी कारणों'' से टिकट बुक करने की सुविधा बाधित रही। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मुंबई, 25 जुलाई भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट और मोबाइल ऐप्लिकेशन पर मंगलवार को कई घंटे तक ''तकनीकी कारणों'' से टिकट बुक करने की सुविधा बाधित रही। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि टिकट बुक करने की सुविधा बाद में बहाल हो गई।
यात्रियों के लिए स्थिति तब और भी ज्यादा खराब हो गई जब ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन के माध्यम से टिकट खरीदने के लिए उपयोग की जाने वाली अनारक्षित टिकट खरीदने की प्रणाली(यूटीएस) में भी एक अज्ञात समस्या आ गई।
अनेक लोगों को सुबह से ही टिकट आरक्षण में परेशानियों का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने शिकायत की कि आईआरसीटीसी के टिकट 'बुक' करने वाले साझीदारों के माध्यम से भी टिकट आरक्षित करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
आईआरसीटीसी ने ट्वीट में कहा,'' आईआरसीटीसी की वेबसाइट और एप पर तकनीकों कारणों की वजह से टिकट बुक करने की सुविधा उपलब्ध नहीं है। रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र(सीआरआईएस) का तकनीकी दल इसे ठीक करने में लगा हुआ है।''
उसने लोगों को अमेजॉन, मेकमाइट्रिप समेत अन्य मंचों से टिकट बुक करने की सलाह दी है।
मध्य रेलवे(सीआर) के प्रवक्ता ने बताया कि आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर देर रात दो बजकर 56 मिनट से दोपहर एक बजकर 28 मिनट तक तकनीकी खराबी आई थी।
कुछ लोगों ने दावा किया है कि जब उन्होंने वेबसाइट और एप से टिकट बुक करने की कोशिश की तो उनके खाते से पैसे तो कट गये लेकिन टिकट आरक्षित नहीं हुआ।
शारिब खान ने ट्वीट कर कहा ,''मैंने आज टिकट बुक किए। जब मैंने पहली बार कोशिश की तो भुगतान असफल हो गया और टिकट बुक नहीं हुए। मैनें पांच बार कोशिश की लेकिन टिकट बुक नहीं हुए। मेरे 10,000 रुपये प्रक्रिया में (फंसे) हैं।''
मुंबई में, आईआरसीटीसी के पश्चिमी क्षेत्र समूह के महाप्रबंधक और प्रवक्ता ने इन विषयों पर मीडिया के सवालों का जवाब नहीं दिया।
मध्य रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि आईआरसीटीसी वेबसाइट और मोबाइल एप्लिकेशन टिकट बुकिंग की तकनीकी समस्या को देखते हुए, सीआर ने मुंबई प्रभाग के स्टेशनों पर 12 अतिरिक्त यात्री आरक्षण प्रणाली(पीआरएस) खिड़की काउंटर खोले। यहां छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर पांच नए काउंटर शुरू किए जबकि अन्यों को मुंबई, ठाणे तथा नवी मुंबई के कुछ अन्य स्टेशनों पर खोला गया।
कई उपनगरीय यात्रियों ने यह भी दावा किया कि एटीवीएम से टिकट खरीदने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले यूटीएस में भी खराबी आ गई, जिसके कारण वे टिकट बुक करने में असमर्थ थे।
सीआर के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यूटीएस प्रणाली में समस्या को हल करने का प्रयास जारी हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)