देश की खबरें | इकबाल सिंह लालपुरा अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष नियुक्त : सूत्र

नयी दिल्ली, आठ सितंबर पूर्व आईपीएस अधिकारी इकबाल सिंह लालपुरा को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

लालपुरा अब तक भाजपा के प्रवक्ता की भूमिका निभा रहे थे और अल्पसंख्यक सिख समुदाय से आते हैं।

लालपुरा 1992 में अल्पसंख्यक आयोग को विधायी शक्ति मिलने के बाद से इसके अध्यक्ष बनने वाले वाले दूसरे सिख हैं। इससे पहले 2003 में तरलोचन सिंह आयोग के अध्यक्ष बने थे। ज्यादातर मुस्लिम समुदाय के व्यक्ति ही आयोग के अध्यक्ष रहे हैं।

लालपुरा से पहले गैयुरूल हसन रिजवी आयोग के अध्यक्ष थे जिनका कार्यकाल पिछले साल मई में पूरा हो गया था।

आयोग की वेबसाइट के अनुसार, फिलहाल आयोग में एकमात्र सदस्य आतिफ रशीद हैं जो उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पांच सदस्यों के पद खाली हैं। आयोग में अध्यक्ष समेत कुल सात सदस्य होते हैं।

पिछले महीने दिल्ली उच्च न्यायालय ने सरकार को निर्देश दिया था कि 30 सितंबर तक अल्पसंख्यक आयोग में सदस्यों के खाली पदों को भरा जाए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)