पांच-छह टीमों के साथ आईपीएल महिला क्रिकेट के लिये शानदार होगा: मंधाना
तेईस साल की इस सलामी बल्लेबाज ने माना कि बीसीसीआई इसे साकार करने के लिये काफी प्रयास कर रहा है।
नयी दिल्ली, 15 मई भारत की विस्फोटक सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को लगता है कि एक पूर्ण महिला इंडियन प्रीमियर लीग प्रतिभाओं को तलाशने में काफी अंतर पैदा कर सकती है जिससे राष्ट्रीय टीम को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी।
तेईस साल की इस सलामी बल्लेबाज ने माना कि बीसीसीआई इसे साकार करने के लिये काफी प्रयास कर रहा है।
उन्होंने बीबीसी पोडकास्ट पर ‘द दूसरा’ में कहा, ‘‘बीसीसीआई ने काफी प्रयास किये हैं, पहले हमारे लिये दो साल पहले प्रदर्शनी मैच की तरह का महिला आईपीएल आयोजित किया, फिर इसके बाद तीन टीमों का बहुत सफल आईपीएल रहा। इस साल इसे चार टीमों के बीच होना था। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पूरा भरोसा है कि एक या दो साल के लिये आईपीएल की तरह के कई मैच आयोजित होंगे। भारतीय महिला क्रिकेट के लिये पांच या छह टीम का आईपीएल शानदार होगा, विशेषकर विश्व कप को देखते हुए। ’’
उन्होंने साथ ही उम्मीद जतायी कि देश में महिला क्रिकेट में अभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जो अंतर है, वह जल्द ही खत्म हो जायेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत में महिला क्रिकेट काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है, विशेषकर घरेलू सर्किट में। लेकिन अंतरराष्ट्रीय और घरेलू सर्किट के टूर्नामेंट में काफी अंतर है और मुझे लगता है कि यह भी दो-तीन साल में खत्म हो जायेगा। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 15, 2020 06:01 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

