देश की खबरें | जम्मू के अखनूर सेक्टर में आईपीजी ने सीमा पर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) भीम सेन टूटी ने अखनूर सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों एवं जवानों को सीमा पार के खतरों से निपटने के लिए कड़ी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
जम्मू, 24 फरवरी जम्मू क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) भीम सेन टूटी ने अखनूर सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों एवं जवानों को सीमा पार के खतरों से निपटने के लिए कड़ी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि जम्मू-सांबा-कठुआ रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजीपी) शिव कुमार शर्मा और जम्मू ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) बृजेश शर्मा के साथ आईजीपी ने रविवार को उप-मंडल अखनूर का दौरा किया, जहां उन्होंने सुरक्षा एवं कानून प्रवर्तन उपायों की समीक्षा की।
जम्मू पुलिस प्रमुख ने सेना की 10वीं डिवीजन, अखनूर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) के साथ भी विस्तृत चर्चा की, जिसमें सुरक्षा सहयोग और रणनीतिक योजना पर ध्यान केंद्रित किया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि मजबूत सीमा प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) और नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने आईजीपी को अपराध की स्थिति और सुरक्षा संरचना के बारे में व्यापक जानकारी दी।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘इस दौरे ने क्षेत्र में सुरक्षा बनाए रखने, समन्वय में वृद्धि करने और नए कानूनी ढांचों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए कानून प्रवर्तन की प्रतिबद्धता को मजबूत किया। ‘क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रेकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम(सीसीटीएनएस)’ के कामकाज की भी समीक्षा की गई।’’
पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारियों और जवानों को कड़ी सतर्कता बरतने तथा अपनी जिम्मेदारी वाले क्षेत्रों में पुलिस अवसंरचना की पूर्ण सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने बताया कि ग्राम रक्षा समूहों, त्वरित प्रतिक्रिया दलों और सीमा पुलिस चौकियों को कड़े रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और सेना के साथ बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)