जरुरी जानकारी | आईओसी ने दिसंबर तिमाही में कमाया 448 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ

नयी दिल्ली, 31 जनवरी देश की सबसे बड़ी पेट्रोलियम कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) वित्त वर्ष 2022-23 के पहले छह महीनों तक नुकसान में रहने के बाद तीसरी तिमाही में मुनाफे में लौट आई है। दिसंबर तिमाही में कंपनी ने 448.01 करोड़ रुपये का एकल शुद्ध लाभ कमाया है।

आईओसी ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा कि लागत में वृद्धि के बावजूद ईंधन की कीमतों को बनाए रखने से कंपनी चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीनों में घाटे में रही थी। कंपनी को इससे पिछले तिमाही (जुलाई-सितंबर) में 272.35 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।

कंपनी को पिछले वित्त वर्ष 2021-22 की समान तिमाही में 5,860.80 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।

इस दौरान आईओसी की परिचालन आय भी बढ़कर 2,28,168 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले समान तिमाही में यह 1,97,168 करोड़ रुपये थी।

आईओसी के चेयरमैन एस एम वैद्य ने कहा, ‘‘आईओसी ने अप्रैल-दिसंबर, 2022 की अवधि के दौरान निर्यात समेत 7.13 करोड़ टन उत्पाद बेचे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)