आईओसी ने अंतरराष्ट्रीय महासंघों को ओलंपिक क्वालीफाइंग टूर्नामेंटों की तारीख तय करने को कहा
पिछले महीने आईओसी ने तोक्यो ओलंपिक के क्वालीफिकेशन समय के लिए 29 जून 2021 की समय सीमा तय की थी। कोरोना वायरस महामारी के कारण इस साल होने वाले तोक्यो ओलंपिक को अगले साल के लिए स्थगित किया गया है।
लुसाने, 19 मई अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने सभी अंतरराष्ट्रीय महासंघों से तोक्यो ओलंपिक के क्वालीफायर टूर्नामेंटों की तारीखों को अंतिम रूप देने और कोविड-19 महामारी के बीच टूर्नामेंटों को रद्द करने सहित सभी तरह की संभावनाओं के लिए आपात योजना मसौदा बनाने में मदद करने को कहा है।
पिछले महीने आईओसी ने तोक्यो ओलंपिक के क्वालीफिकेशन समय के लिए 29 जून 2021 की समय सीमा तय की थी। कोरोना वायरस महामारी के कारण इस साल होने वाले तोक्यो ओलंपिक को अगले साल के लिए स्थगित किया गया है।
आईओसी ने 15 मई के संवाद में कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय महासंघों के कैलेंडर में अनिश्चितता को देखते हुए कुछ प्रतियोगिताओं की तारीखों और स्थान पर अब भी फैसला किया जाना बाकी है, हम आपको पूर्व में ही धन्यवाद देते हैं कि आप प्रतियोगिताओं की तारीख और स्थल की पुष्टि होने पर हमें सूचित करेंगे जिससे कि इन्हें जल्द से जल्द क्वालीफिकेशन प्रणाली में शामिल किया जा सके। ’’
आईओसी ने कहा, ‘‘संशोधित क्वालीफिकेशन प्रणाली बनने पर आईओसी के खेल संचालन मैनेजर आपके साथ मिलकर आपात योजना पर काम करना जारी रखेंगे जिससे कि ओलंपिक क्वालीफिकेशन प्रतियोगिताओं के नहीं होने की स्थिति में इसे लागू किया जा सके।’’
आईओसी को उम्मीद है कि योजना जुलाई तक तैयार कर ली जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि जुलाई तक यह योजना तैयार हो जाए और फिर वैश्विक स्थिति के आधार पर हम आपके साथ चर्चा करेंगे कि इन आपात योजनाओं को लागू करना जरूरी है या नहीं और इसे पहले से सहमत व्यक्तिगत क्वालीफिकेशन प्रणाली में औपचारिक रूप से शामिल किया जाए या नहीं।’’
आईओसी ने कहा कि वह तोक्यो ओलंपिक को कम खर्चीले खेल बनाने की प्रक्रिया पर काम कर रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 19, 2020 01:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

