देश की खबरें | मध्यप्रदेश में अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए इनवती होंगे कांग्रेस के उम्मीदवार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने बुधवार को मध्यप्रदेश में अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए धीरन शाह इनवती को अपना उम्मीदवार घोषित किया।
भोपाल, 19 जून कांग्रेस ने बुधवार को मध्यप्रदेश में अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए धीरन शाह इनवती को अपना उम्मीदवार घोषित किया।
यह विधानसभा क्षेत्र छिंदवाड़ा जिले में आता है।
इनवती का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार एवं तीन बार के विधायक कमलेश शाह से होगा। शाह लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हो गए थे।
इस सीट पर उपचुनाव 10 जुलाई को होना है। कमलेश शाह के पार्टी बदलने के बाद इस्तीफा देने के कारण उपचुनाव जरूरी हो गया था।
शाह ने मंगलवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वी.डी. शर्मा की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
अमरवाड़ा निर्वाचन क्षेत्र अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए सुरक्षित है।
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए पार्टी के दिग्गज नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के करीबी कमलेश शाह ने 29 मार्च को इस्तीफा दे दिया था और सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए थे।
हाल ही में संपन्न आम चुनावों में भाजपा ने मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीट पर जीत हासिल की, जिसमें नाथ का गढ़ छिंदवाड़ा भी शामिल है। छिंदवाड़ा एकमात्र सीट है जिसे भाजपा 2019 में जीतने में विफल रही थी।
सात राज्यों की 13 विधानसभा सीट पर उपचुनाव 10 जुलाई को होने हैं।
छिंदवाड़ा लोकसभा सीट जीतने के बाद भाजपा के सामने अमरवाड़ा विधानसभा सीट जीतने की चुनौती होगी। इस सीट को कमलेश शाह ने नवंबर 2023 में कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में जीता था।
वर्ष 1972 के बाद भाजपा ने अमरवाड़ा सीट दो बार - 1990 और 2008, में जीती थी और कांग्रेस नौ बार इस सीट पर विजेता रही है।
आदिवासी संगठन गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) ने वर्ष 2003 में एक बार यह सीट जीती थी।
उपचुनाव में नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 जून है, जबकि नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 26 जून है। मतों की गिनती 13 जुलाई को होगी।
दिमो
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)