एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, दो नाबालिग लड़कियों को बचाया गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुवाहाटी पुलिस ने एक अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए असम, बिहार और पश्चिम बंगाल के चार लोगों को गिरफ्तार किया तथा दो नाबालिग लड़कियों को बचा लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, दो नाबालिग लड़कियों को बचाया गया

गुवाहाटी, आठ जुलाई गुवाहाटी पुलिस ने एक अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए असम, बिहार और पश्चिम बंगाल के चार लोगों को गिरफ्तार किया तथा दो नाबालिग लड़कियों को बचा लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त दिगंत बराह ने सोमवार को बताया कि 29 जून को भांगागढ़ थाने में एक महिला ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें उसने कहा था कि उसकी बेटी और एक अन्य नाबालिग लड़की लापता है।

महिला की शिकायत के अनुसार, उसकी बेटी नया मोबाइल फोन मांग रही थी और मना करने पर वह अपनी सहेली के घर चली गई।

बराह ने बताया, "इसके बाद दोनों लड़कियां लापता हो गईं। हमने तुरंत उनका पता लगाने के लिए जांच शुरू की और अंतत: दोनों लड़कियों को बचा लिया गया।"

उन्होंने कहा कि जब जांच चल रही थी तब एक व्यक्ति ने पीड़िता के भाई को फोन करके उसकी रिहाई के लिए 30,000 रुपये की मांग की।

उन्होंने कहा, "पता चला कि फोन बिहार के पूर्णिया से आया था। नतीजतन, भांगागढ़ से एक पुलिस टीम को पूर्णिया भेजा गया जहां से फोन करने वाले को पकड़ लिया गया और दोनों लड़कियों को मुक्त कराया।"

बराह ने कहा कि दोनों लड़कियों की योजना दिल्ली जाने की थी और गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति मिला जिसने उन्हें मदद देने की पेशकश की।

उन्होंने बताया, "उस व्यक्ति ने दोनों लड़कियों को गुवाहाटी के बशिष्ठा इलाके में एक युगल को सौंप दिया। पश्चिम बंगाल के पांजीपारा की एक महिला के साथ वे लड़कियों को बस से सिलीगुड़ी ले गए और उन्हें बिहार में एक अन्य व्यक्ति को 1,10,000 रुपये में बेच दिया।"

इसके बाद लड़कियों को पूर्णिया ले जाया गया और उन्हें बिहार के रौता में एक वेश्यालय में काम करने के लिए मजबूर किया गया।

उन्होंने कहा, "अपराधियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने पर पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया।"

बराह ने कहा, "चारों आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया जहां उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। जांच से पुष्टि हुई है कि यह मामला मानव तस्करी से जुड़ा है जिसमें लड़कियों को बहला-फुसलाकर वेश्यालयों में बेच दिया जाता है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2024 08:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).