देश की खबरें | हरियाणा के नूंह में बृज मंडल यात्रा से पहले इंटरनेट, एसएमएस सेवाएं निलंबित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के नूंह जिले में सोमवार को होने वाली बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा का शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के मकसद से क्षेत्र में कई प्रतिबंध लगाए गए हैं और यहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
गुरुग्राम, 13 जुलाई हरियाणा के नूंह जिले में सोमवार को होने वाली बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा का शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के मकसद से क्षेत्र में कई प्रतिबंध लगाए गए हैं और यहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जिलाधिकारी विश्राम कुमार मीणा ने रविवार को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत एक आदेश जारी कर सभी तरह के हथियार ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। केवल सिख समुदाय के सदस्यों द्वारा धार्मिक प्रतीक के रूप में धारण किए जाने वाले म्यान वाले कृपाण को ही इससे छूट दी गई है।
आदेश में कहा गया है कि यात्रा के दौरान धार्मिक रूप से भड़काऊ या किसी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री वाले डीजे, लाउडस्पीकर या ध्वनि-वर्धक उपकरणों का उपयोग भी सख्त वर्जित रहेगा।
जिला प्रशासन ने रविवार से यात्रा मार्ग पर मांस की बिक्री पर भी प्रतिबंध लगा दिया है और कांवड़ मार्ग पर मांस की दुकानें 24 जुलाई तक बंद रहेंगी।
एक अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं और ड्रोन निगरानी शुरू कर दी गई है।
यहां एक अधिकारी ने बताया कि हरियाणा सरकार ने रविवार को नूंह जिले में मोबाइल इंटरनेट, बल्क एसएमएस सेवाओं (बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज को छोड़कर) और मोबाइल नेटवर्क पर प्रदान की जाने वाली सभी डोंगल सेवाओं को 24 घंटे के लिए निलंबित करने का आदेश दिया। ये सेवाएं 13 जुलाई रात नौ बजे से 14 जुलाई रात नौ बजे तक निलंबित रहेंगी। हालांकि इसमें वॉयस कॉल को छूट दी गई है।
राज्य गृह विभाग के आदेश के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य व्हाट्सएप, फेसबुक और ‘एक्स’ जैसे सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से गलत सूचना और अफवाहों के प्रसार को रोकना है, और आंदोलनकारियों या प्रदर्शनकारियों के किसी भी जुटान की जांच करना है जो आगजनी, तोड़फोड़ या अन्य हिंसक गतिविधियों में लिप्त हो सकते हैं, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है।
पुलिस के अनुसार, गौरक्षक बिट्टू बजरंगी को यात्रा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई है और उसके सोशल मीडिया अकाउंट को निलंबित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक नूंह जिले के पेट्रोल पंपों पर बोतलों जैसे खुले पात्रों में पेट्रोल या डीजल की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा।
पुलिस ने बताया कि सोमवार को यात्रा के दौरान करीब 2,500 पुलिसकर्मी तैनात किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि उस दिन जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 13, 2025 11:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

