एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली में तेज ठंड,101 साल में दिसंबर में एक दिन में सबसे अधिक बारिश

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे और ठंड रही, साथ ही 101 वर्षों में दिसंबर में एक दिन में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई।

देश की खबरें | दिल्ली में तेज ठंड,101 साल में दिसंबर में एक दिन में सबसे अधिक बारिश

नयी दिल्ली, 28 दिसंबर राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे और ठंड रही, साथ ही 101 वर्षों में दिसंबर में एक दिन में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक के पिछले 24 घंटों में 41.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसके कारण दिनभर तापमान सामान्य से कम रहा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में तीन दिसंबर 1923 को एक ही दिन में सबसे अधिक बारिश हुई थी, जो 75.7 मिमी थी।

मौसम विभाग के अधिकारी के अनुसार 1901 में आंकड़े दर्ज किये जाने के बाद से दिसंबर 2024 माह वार बारिश के मामले में अब तक का पांचवा सर्वाधिक वर्षा वाला माह रहा।

आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ आज सुबह 8.30 बजे समाप्त हुई 24 घंटे की संचयी वर्षा 1901 के बाद से दूसरी सबसे अधिक है। मासिक वर्षा पांचवीं सबसे अधिक है। 24 घंटे की संचयी वर्षा सुबह 8.30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों के दौरान हुई वर्षा को संदर्भित करती है।’’

आईएमडी ने कहा कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं के साथ इसके संपर्क के कारण दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ रहे हैं।

भारत मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4.6 डिग्री कम है।

शनिवार को न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से छह डिग्री अधिक था।

मौसम विभाग ने रविवार को घने कोहरे का अनुमान व्यक्त किया है तथा अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 17 और 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

इस बीच केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ और शनिवार शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 135 दर्ज किया गया।

समीर ऐप के अनुसार 28 निगरानी केन्द्रों में से चार - आईएचबीएएस दिलशाद गार्डन, लोधी रोड और श्री अरबिंदो मार्ग में एक्यूआई 'संतोषजनक' श्रेणी में दर्ज की गई और यह 100 से नीचे रही। बाकी केन्द्रों में एक्यूआई 'मध्यम' और 'खराब' श्रेणियों में दर्ज की गई।

एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 28, 2024 10:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).