एजेंसी न्यूज

चव्हाण के भाजपा शामिल होने पर बोले उद्धव, चव्हाण को भाजपा में शामिल होने के बजाय बेमौसम बारिश की मार झेल रहे किसानों से मिलना चाहिए था

शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के बजाय मराठवाड़ा क्षेत्र के किसानों से मिलना चाहिए जो बेमौसम बारिश और ओलों से प्रभावित हैं।

चव्हाण के भाजपा शामिल होने पर बोले उद्धव, चव्हाण को भाजपा में शामिल होने के बजाय बेमौसम बारिश की मार झेल रहे किसानों से मिलना चाहिए था
(Photo Credits ANI)

पुणे, 13 फरवरी : शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के बजाय मराठवाड़ा क्षेत्र के किसानों से मिलना चाहिए जो बेमौसम बारिश और ओलों से प्रभावित हैं. ठाकरे ने कहा कि चव्हाण दो दिन पहले तक महा विकास आघाड़ी की सीट बंटवारे की बातचीत में शामिल थे लेकिन भाजपा में शामिल हो गए जिसके खिलाफ उन्हें लड़ना था.

चव्हाण ने सोमवार को कांग्रेस छोड़ दी, जिस पार्टी से वह लगभग चार दशक से जुड़े थे. वह मंगलवार को मुंबई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए. अहमदनगर जिले के सोनाई में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए, ठाकरे ने कहा कि हालांकि आदर्श हाउसिंग सोसाइटी घोटाला एक भूला हुआ अध्याय था, लेकिन कांग्रेस से उनके बाहर निकलने से यह फिर सुर्खियों में आ गया है.

ठाकरे ने कहा कि एक वीडियो क्लिप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आदर्श हाउसिंग सोसाइटी घोटाले को ‘शहीदों के परिवारों का अपमान’ कहते हुए चव्हाण का नाम लेते सुना जा सकता है. उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी चव्हाण की आलोचना करते हुए कहा था कि वह ‘सौदेबाज (डीलर) हैं, नेता (लीडर) नहीं.’’

चव्हाण को मुंबई स्थित आदर्श आवासीय सोसाइटी घोटाले में कथित संलिप्तता के कारण 2010 में मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा था. उन्होंने दावा किया, ‘‘आज दोनों (भाजपा और चव्हाण) डरे हुए हैं। भाजपा डरी हुई है क्योंकि उसने (लोकसभा चुनाव में) 400 से अधिक सीट लाने की घोषणा की है. आज जो लोग डरे हुए हैं, वे उस पार्टी में शामिल हो रहे हैं, जो खुद डरी हुई है.’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 13, 2024 05:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).