देश की खबरें | मुख्यमंत्री बदलने के बजाय भाजपा सरकार को हटाया जाना चाहिए: कांग्रेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले बी एस येदियुरप्पा का एक विकल्प खोजने के बजाय राज्य की भाजपा सरकार को हटाने की सोमवार को मांग की।

बेंगलुरु, 26 जुलाई कर्नाटक में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले बी एस येदियुरप्पा का एक विकल्प खोजने के बजाय राज्य की भाजपा सरकार को हटाने की सोमवार को मांग की।

मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कर्नाटक में भाजपा सरकार "अवैध’’ है क्योंकि यह दलबदल और भ्रष्टाचार से उत्पन्न हुई है। कांग्रेस ने साथ ही यह सवाल भी किया कि क्या चेहरा बदलने से सरकार का 'भ्रष्ट चरित्र' भी बदल जाएगा।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धरमैया ने ट्वीट किया, ‘‘आम आदमी के लिए कोई फायदा नहीं है, अगर एक भ्रष्ट मुख्यमंत्री को हटाकर दूसरे भ्रष्ट को मुख्यमंत्री बनाया जाए। इसके बजाय पूरी भाजपा पार्टी को बाहर कर दिया जाना चाहिए, जो लोगों के दुखों के लिए जिम्मेदार है।’’

येदियुरप्पा के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा में ‘‘सत्ता की राजनीति’’ दुर्भाग्यपूर्ण है जब लोग प्राकृतिक आपदाओं के कारण पीड़ित हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘बाढ़ के कारण कई जिलों में फसलें नष्ट हो गई हैं और 9 लोगों की जान चली गई है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार के प्रतिनिधि संकट में लोगों की मदद करने के बजाय सत्ता की राजनीति में व्यस्त हैं।’’

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पार्टी के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि यह समस्या भाजपा की भ्रष्ट सरकार और कर्नाटक में कुशासन के साथ है, क्योंकि यह ‘दलबदल और भ्रष्टाचार’ से उत्पन्न हुई एक विधि विरुद्ध सरकार है।’’

सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘‘सिर्फ चेहरा बदलने से भाजपा सरकार का भ्रष्ट चरित्र नहीं बदलने वाला है। सच्चाई यह है कि मोदी जी आदततन भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को अपमानित करते हैं और उन्हें इतिहास के कूड़ेदान में डाल देते हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इस्तीफा देने के लिए आदेश देकर मोदी जी द्वारा श्री बी एस येदियुरप्पा को अपमानित किया गया है। वह मोदी जी के सबसे ताजा शिकार हैं और ‘‘जबरन सेवानिवृत्ति क्लब’ के सदस्य बने हैं।’’

येदियुरप्पा के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री को यह बताना चाहिए कि जब उन्होंने अपने इस्तीफे की घोषणा की तो वह भावुक क्यों हो गए और उनका गला क्यों रुंध गया।

शिवकुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘येदियुरप्पा नहीं रो रहे थे बल्कि राज्य और उसके मुख्यमंत्री की आंखों में आंसू थे। हम विपक्षी दल अलग हैं, लेकिन वह सरकार का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसलिए येदियुरप्पा को बताना चाहिए कि क्या वह रो रहे थे, राज्य रो रहा था या पार्टी रो रही थी।’’

येदियुरप्पा ने अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए भावुक होते हुए एवं रुंधे गले से कहा था कि उनकी पार्टी के कुछ विधायक उनसे खुश नहीं थे। उन्होंने ऐसा करते हुए यह संकेत दिया कि वह उनके बयानों से अप्रसन्न थे।

भाजपा विधायकों में सबसे मुखर विजयपुरा के विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल थे, जिन्होंने येदियुरप्पा के पद छोड़ने की भविष्यवाणी करते हुए आरोप लगाया था कि वह और उनके परिवार के सदस्य भ्रष्टाचार में शामिल हैं।

येदियुरप्पा, उनके सांसद-बेटे बी वाई राघवेंद्र और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र पर निशाना साधते हुए यतनाल ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से कर्नाटक भाजपा में "वंशवादी राजनीति" को समाप्त करने के लिए कहा था।

एमएलसी ए एच विश्वनाथ ने भी कई बार येदियुरप्पा के इस्तीफे की मांग की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

SRH vs CSK, IPL 2026 27th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा सनराइजर्स हैदराबाद बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

GT vs KKR, IPL 2026 25th Match Scorecard: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुभमन गिल ने कोलकाता नाइट राइडर्स के उम्मीदों पर फेरा पानी, 5 विकेट से मिली करारी हार; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

SRH vs CSK, IPL 2026 27th Match Stats And Preview: टूर्नामेंट के 27वें मुकाबले में जीत की राह पर लौटना चाहेंगी सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपरकिंग्स, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

RCB vs DC, IPL 2026 26th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम दिल्ली कैपिटल्स के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी