देश की खबरें | भ्रामक सूचनाओं के खिलाफ समुदायों को सशक्त बनाने संबंधी पहल शुरू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. डिजिटल मीडिया एवं सूचना पहल ‘डाटालीड्स’ ने मंगलवार को कहा कि उसने भ्रामक सूचनाओं के मुकाबले के लिए लोगों एवं समुदायों को सशक्त बनाने के इरादे से देशभर में एक कार्यक्रम की शुरुआत की है।
नयी दिल्ली, 18 जुलाई डिजिटल मीडिया एवं सूचना पहल ‘डाटालीड्स’ ने मंगलवार को कहा कि उसने भ्रामक सूचनाओं के मुकाबले के लिए लोगों एवं समुदायों को सशक्त बनाने के इरादे से देशभर में एक कार्यक्रम की शुरुआत की है।
‘गूगल न्यूज इनिशिएटिव’ के सहयोग से शुरू किये गये कार्यक्रम ‘फैक्टशाला’ का लक्ष्य भारत के विभिन्न क्षेत्रों एवं परिक्षेत्रों में महत्वपूर्ण विचार कौशल को सशक्त करना एवं मीडिया साक्षरता को संस्थागत बनाना है।
डाटालीड्स की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस नेटवर्क से साप्ताहिक वीडियो एवं एक्सप्लेनर तैयार करने, न्यूजलेटर, ब्लॉग, हेकाथन, क्विज एवं अन्य पहल सहित छात्रनीत विभिन्न गतिविधियों का नेतृत्व किया जा सकेगा।
बयान के अनुसार, ये गतिविधियां ‘डिजिटल कंटेंट के विशाल सागर’ के बीच ऑनलाइन सूचनाओं का महत्वपूर्ण तरीके से मूल्यांकन करना तथा विश्वसनीय सूत्रों की पहचान को लेकर विद्यार्थियों के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
बयान में कहा गया है कि पांच जोन से छह विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों का चयन किया जाएगा, जो अपने-अपने क्षेत्रों में इस कार्यक्रम का नेतृत्व कर सकेंगे।
इसमें कहा गया है कि इस पहल के लिए फिलहाल तीन संस्थानों- मुद्रा इंस्टीट्यूट ऑफ कॉम्यूनिकेशंस, अहमदाबाद (माइका), जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी, भोपाल और इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ जर्नलिज्म एंड न्यू मीडिया (आईआईजेएनएम), बेंगलुरु का चयन किया गया है।
डाटालीड्स के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सईद नजाकत ने कहा, ‘‘भारत का भविष्य संवारने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका की पहचान करते हुए उनके सूचना साक्षरता कौशल को बढ़ाने की अत्यधिक जरूरत है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)