देश की खबरें | प्रारंभिक जांच से पता चला कि गोगोई की पत्नी से जुड़ा पाक नागरिक 18 बार भारत आया था: हिमंत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की ब्रिटिश पत्नी से कथित रूप से जुड़ा पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख अब तक 18 बार भारत आ चुका है।

गुवाहाटी, 20 फरवरी असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की ब्रिटिश पत्नी से कथित रूप से जुड़ा पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख अब तक 18 बार भारत आ चुका है।

राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर विधानसभा में चर्चा के दौरान, शर्मा ने यह भी दावा किया कि मामले में प्रारंभिक जानकारी कांग्रेस के लिए ‘बहुत घातक’ है और इसका असम की राजनीति पर ‘बहुत बड़ा प्रभाव’ पड़ेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘मामले पर असम पुलिस की एसआईटी ने तीन दिन के भीतर पता लगाया कि अली तौकीर शेख 18 बार भारत आया था। अब, हम यह पता करेंगे कि उन यात्राओं के दौरान किसने उसे आमंत्रित किया और उसकी मेजबानी की।’’

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उन्हें अनौपचारिक रूप से पता है कि प्रारंभिक जांच में कुछ चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं, जिनका असर असम की राजनीति पर बहुत बड़ा होगा। उन्होंने कहा, ‘‘शुरुआती जानकारी के अनुसार, तथ्य कांग्रेस पार्टी के लिए बहुत घातक हैं। विधानसभा के अंदर खड़े एक जिम्मेदार व्यक्ति के रूप में मैं यह बात कह रहा हूं। मैं असम विधानसभा से वादा करता हूं कि हम अली शेख के नेटवर्क को तोड़ देंगे। हमें तीन महीने का समय दीजिए और हम अगस्त सत्र में सब कुछ बता देंगे।’’

शर्मा ने कहा कि जांच के निष्कर्ष कुछ लोगों को ऐसी स्थिति में डाल देंगे कि वे बच नहीं पाएंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘शेख जाहिरा तौर पर एक जलवायु कार्रवाई समूह में काम करता है। लेकिन उसके ट्वीट और सोशल मीडिया गतिविधियां असम के प्रवासियों को लेकर हैं। यह भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने का एक प्रयास है।’’

असम के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न के पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी आईएसआई के साथ संबंध होने के आरोप लगाए हैं।

असम पुलिस ने सोमवार को असम तथा भारत के आंतरिक मामलों को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणियों के लिए पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के खिलाफ मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। पाकिस्तान योजना आयोग के सलाहकार और कोलबर्न के पूर्व सहयोगी शेख पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। गोगोई की पत्नी के आईएसआई से कथित संबंधों पर काफी शोर-शराबा होने के बाद, असम सरकार के मंत्रिमंडल ने रविवार को सांसद या उनकी ब्रिटिश पत्नी के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं करने का फैसला किया, लेकिन डीजीपी को पाकिस्तानी नागरिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया।

राज्य सरकार ने यह भी घोषणा की कि ब्रिटिश नागरिक होने के बावजूद, पूर्व कलियाबोर निर्वाचन क्षेत्र में लोकसभा चुनाव प्रचार में कोलबर्न की भागीदारी की जांच के लिए वह केंद्र को पत्र लिखेगी। इस सीट से कांग्रेस सांसद गोगोई ने दो बार जीत हासिल की है।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कहा कि वह आईएसआई के साथ कोलबर्न के कथित संबंधों से जुड़े विवाद पर संदिग्धों का पता लगाने का अभियान नहीं चला रहे, बल्कि वह केवल राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखकर काम कर रहे हैं, जिससे समझौता नहीं किया जा सकता।

इससे पहले, शर्मा ने गोगोई के प्रति सहानुभूति जताते हुए रविवार को कहा था कि विपक्षी नेता को बड़ी ‘भारत विरोधी’ साजिश में ‘फंसाया या ब्लैकमेल किया जा सकता है’।

भाजपा नेता ने पिछले सप्ताह इस मुद्दे पर असम के सांसद पर निशाना साधा था और आईएसआई से संबंधों के आरोपों के बारे में जवाब देने को कहा था।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता ने ब्रिटिश नागरिक से शादी के बाद संसद में संवेदनशील रक्षा मामलों पर प्रश्न पूछे थे, इस आरोप को विपक्षी नेता ने ‘झूठा आरोप’ करार दिया था।

भाजपा ने भी गोगोई की पत्नी पर पाकिस्तान और आईएसआई से संबंध रखने का आरोप लगाया था। इस आरोप को कांग्रेस नेता ने ‘हास्यास्पद और मनोरंजक’ बताते हुए खारिज कर दिया था।

गोगोई ने शुक्रवार को कहा था कि भाजपा ने उन्हें और उनके परिवार को बदनाम करने के लिए कदम उठाए हैं और वह उचित कानूनी कार्रवाई करेंगे। वहीं, उन्होंने अपनी पत्नी को असमिया में एक पत्र लिखकर उन्हें विश्वास दिलाया कि सत्य की जीत होगी। उन्होंने इसे शनिवार को फेसबुक पर पोस्ट के रूप में साझा भी किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\