जरुरी जानकारी | इन्फोसिस का शुद्ध लाभ जून तिमाही में 7.1 प्रतिशत बढ़कर 6,368 करोड़ रुपये पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. प्रमुख सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी इन्फोसिस का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष (2024-25) की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 7.1 प्रतिशत बढ़ा है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के लिए अपने वृद्धि अनुमान को भी बढ़ा दिया है।

बेंगलुरु, 18 जुलाई प्रमुख सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी इन्फोसिस का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष (2024-25) की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 7.1 प्रतिशत बढ़ा है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के लिए अपने वृद्धि अनुमान को भी बढ़ा दिया है।

इन्फोसिस ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसका एकीकृत शुद्ध लाभ जून तिमाही में बढ़कर 6,368 करोड़ रुपये रहा है, जो बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 5,945 करोड़ रुपये था।

हालांकि, तिमाही आधार पर कंपनी का शुद्ध लाभ 20 प्रतिशत घटा है। इससे पिछली मार्च तिमाही में कंपनी ने 7,969 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

चालू वित्त वर्ष के लिए कंपनी ने स्थिर मुद्रा में अपनी आमदनी में बढ़ोतरी के अनुमान को एक-तीन से बढ़ाकर तीन-चार प्रतिशत कर दिया है।

कंपनी पूरे साल के दौरान वृद्धि के अनुसार 15,000-20,000 नए लोगों को नियुक्ति करेगी।

इन्फोसिसस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक सलिल पारेख ने कहा, “हमने चालू वित्त वर्ष की शानदार शुरुआत की है। इसमें मजबूत और व्यापक आधार वाली वृद्धि, परिचालन मार्जिन में विस्तार, मजबूत बड़े सौदे और अबतक का सबसे ज्यादा नकदी सृजन हुआ है। यह हमारी अलग-अलग सेवा पेशकश, ग्राहकों के बीच अपार विश्वास और सतत निष्पादन का प्रमाण है।”

जून तिमाही के दौरान कंपनी का परिचालन मार्जिन 21.1 प्रतिशत रहा है।

इन्फोसिस को उम्मीद है कि चालू वित्त वर्ष में उसका परिचालन मार्जिन 20-22 प्रतिशत रहेगा।

कंपनी ने जून तिमाही में 4.1 अरब डॉलर के बड़े सौदे हासिल किए।

इन्फोसिस की आमदनी में सबसे अधिक योगदान वित्तीय सेवा खंड का रहता है। तिमाही के दौरान इस खंड का आमदनी में योगदान 0.3 प्रतिशत घटकर 27.5 प्रतिशत रह गया है।

जून, 2024 तिमाही में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या करीब छह प्रतिशत घटकर 3,15,332 रह गई, जो एक साल पहले 3,36,294 थी। मार्च, 2024 तिमाही में कर्मचारियों की संख्या 3,17,240 थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\