नयी दिल्ली, 13 फरवरी नागर विमानन मंत्रालय ने सोमवार को राज्यसभा में कहा कि प्रस्तावित सबरीमाला हवाई अड्डे के संबंध में केरल राज्य औद्योगिक विकास निगम (केएसआईडीसी) से जमीन की उपलब्धता सहित मिली विभिन्न जानकारी का विश्लेषण किया जा रहा है।
नागर विमानन राज्यमंत्री वी के सिंह ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी।
केरल राज्य औद्योगिक विकास निगम केरल सरकार का एक उद्यम है।
उन्होंने कहा कि जून, 2020 में, केएसआईडीसी ने मंत्रालय को केरल में सबरीमाला हवाई अड्डा के विकास के लिए ‘‘साइट क्लीयरेंस’’ की खातिर एक आवेदन दिया था। केएसआईडीसी के प्रस्ताव पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, नागर विमानन महानिदेशालय तथा रक्षा मंत्रालय और केएसआईडीसी के परामर्श से ‘‘ग्रीनफील्ड हवाईअड्डा नीति’’ के तहत विचार किया गया।
सिंह ने कहा कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण व नागर विमानन महानिदेशालय की टिप्पणियों के आधार पर केएसआईडीसी से तकनीकी आर्थिक व्यवहार्यता अध्ययन (टीईएफएस) रिपोर्ट देने का अनुरोध किया गया था। उन्होंने कहा कि केएसआईडीसी ने जून, 2022 में अंतिम टीईएफएस रिपोर्ट सौंपी
उन्होंने कहा कि सबरीमाला संबंधी प्रस्ताव पर ‘‘ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों’’ की संचालन समिति में विचार किया गया और उसके आधार पर, केरल सरकार/केएसआईडीसी से भूमि की उपलब्धता व अन्य जानकारी मांगी गई थी।
सिंह ने कहा कि केएसआईडीसी से ये जानकारी दिसंबर, 2022 में मिल गई और इनका विश्लेषण किया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY