विदेश की खबरें | इंडोनशिया में शिशु तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, पांच शिशुओं को सिंगापुर में बेंचा जाना था
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. इंडोनेशिया में अधिकारियों ने शिशु तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। चैनल न्यूज एशिया ने मंगलवार को अपनी एक खबर में यह जानकारी दी।
सिंगापुर, 16 जुलाई इंडोनेशिया में अधिकारियों ने शिशु तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। चैनल न्यूज एशिया ने मंगलवार को अपनी एक खबर में यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि तस्करों से चंगुल से मुक्त कराए गए छह शिशुओं में से पांच को सिंगापुर में लोगों को बेचा जाना था।
खबर में कहा गया है कि गिरोह ने कथित तौर पर 2023 से अब तक 24 ऐसे सौदे किए हैं।
पश्चिमी जावा पुलिस के जनसंपर्क प्रमुख हेंड्रा रोचमावन के हवाले से खबर में कहा गया है कि कथित मानव तस्करी मामले में 12 लोगों को संदिग्ध माना गया और उन्हें गिरफ्तार किया गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें कब गिरफ्तार किया गया।
पश्चिमी जावा पुलिस विभाग के अपराध जांच निदेशक सुरावन ने बताया कि अब तक 24 शिशुओं को बेचा जा चुका है जिनमें से 15 को सिंगापुर में बेचा गया।
उन्होंने बताया कि बचाए गए छह शिशुओं में से पांच को सिंगापुर भेजा जाना था, जबकि एक को इंडोनेशियाई द्वीपसमूह के एक अन्य क्षेत्र पोंटियानक भेजा जा रहा था।
उन्होंने पहले स्थानीय मीडिया को बताया था कि जिन छह शिशुओं को बचाया गया है उनकी उम्र दो से तीन माह है।
समाचार एजेंसी ‘सीएनएन इंडोनेशिया’ ने अपनी खबर में सुरावन के हवाले से कहा, ‘‘संदिग्धों के बयानों के अनुसार शिशुओं को सिंगापुर में गोद दिया जाना था लेकिन हम अभी इसकी जांच कर रहे हैं।’’
सुरावन के अनुसार बचाए गए छह शिशुओं को चिकित्सा उपचार के लिए बांडुंग (पश्चिम जावा की राजधानी) में भायंगकारा सार्तिका आसिह अस्पताल भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि इस शिशु तस्करी गिरोह का पता तब लगा जब एक अभिभावक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके बच्चे का किसी अज्ञात व्यक्ति ने अपहरण कर लिया है।
‘सीएनएन इंडोनेशिया’ ने सुरावन के हवाले से कहा, ‘‘ज़्यादातर मामले पश्चिमी जावा से हैं। यह मामला एक ऐसे अभिभावक की शिकायत के बाद सामने आया जिनके बच्चे का अपहरण किया गया था।’’
संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को पता चला कि सिंगापुर में प्रत्येक शिशु को एक करोड़ (इंडोनेशियाई) रुपिया से अधिक में बेचा गया था। सुरावन ने मंगलवार को एक अन्य साक्षात्कार में कहा, ‘‘शिशुओं को उनकी माताओं से लगभग 1.1 करोड़ से 1.6 करोड़ रुपिया में खरीदा गया था।’’
उन्होंने कहा कि संदिग्धों ने कुछ शिशुओं को उनके माता-पिता से खरीदा जबकि अन्य का कथित तौर पर अपहरण किया गया था।
यह पहली बार नहीं है कि ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है जो इंडोनेशिया से बच्चे की तस्करी सिंगापुर करता है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 2016 में इंडोनेशियाई अधिकारियों ने बाटम में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया था जो कथित तौर पर तीन माह के बच्चे को लगभग 8,000 अमेरिकी डॉलर में सिंगापुर बेचने की योजना बना रहे थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 16, 2025 09:48 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

