एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | जुलाई में औद्योगिक उत्पादन वृद्धि सुस्त पड़कर 4.8 प्रतिशत पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. विनिर्माण और खनन क्षेत्रों के खराब प्रदर्शन की वजह से देश के औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि जुलाई के महीने में सालाना आधार पर घटकर 4.8 प्रतिशत रह गई।

जरुरी जानकारी | जुलाई में औद्योगिक उत्पादन वृद्धि सुस्त पड़कर 4.8 प्रतिशत पर

नयी दिल्ली, 12 सितंबर विनिर्माण और खनन क्षेत्रों के खराब प्रदर्शन की वजह से देश के औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि जुलाई के महीने में सालाना आधार पर घटकर 4.8 प्रतिशत रह गई।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) की तरफ से बृहस्पतिवार को औद्योगिक उत्पादन के ये आंकड़े जारी किए गए। औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) के संदर्भ में मापा जाने वाला औद्योगिक उत्पादन जुलाई, 2023 में 6.2 प्रतिशत बढ़ा था।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, इस साल जुलाई में देश का औद्योगिक उत्पादन सूचकांक 4.8 प्रतिशत बढ़ा है।

इस बीच एनएसओ ने जून, 2024 के लिए औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े को संशोधित कर 4.7 प्रतिशत कर दिया। पिछले महीने इसे 4.2 प्रतिशत बताया गया था।

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के बयान के मुताबिक, जुलाई में विनिर्माण क्षेत्र का उत्पादन 4.6 प्रतिशत बढ़ा जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह 5.3 प्रतिशत बढ़ा था।

खनन क्षेत्र की वृद्धि दर जुलाई, 2024 में 3.7 प्रतिशत रही जो पिछले साल की समान अवधि में 10.7 प्रतिशत थी।

आलोच्य माह में बिजली उत्पादन में 7.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई जो जुलाई, 2023 के आठ प्रतिशत से मामूली कम है।

चालू वित्त वर्ष के पहले चार महीनों (अप्रैल-जुलाई) में देश का औद्योगिक उत्पादन 5.2 प्रतिशत की दर से बढ़ा है जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 5.1 प्रतिशत बढ़ा था।

उपयोग-आधारित वर्गीकरण के मुताबिक, पूंजीगत उत्पाद खंड की वृद्धि दर जुलाई, 2024 में बढ़कर 12 प्रतिशत हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 5.1 प्रतिशत थी।

हालांकि, इस साल जुलाई में गैर-टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं के उत्पादन में 4.4 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि जुलाई, 2023 में इसमें 8.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।

वहीं समीक्षाधीन महीने में टिकाऊ उपभोक्ता उत्पादों का उत्पादन 8.2 प्रतिशत बढ़ा जबकि जुलाई, 2023 में इसमें 3.6 प्रतिशत की गिरावट आई थी।

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, बुनियादी ढांचा एवं निर्माण वस्तुओं में जुलाई, 2024 में 4.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो एक साल पहले की समान अवधि के 12.6 प्रतिशत की वृद्धि से कम है।

प्राथमिक वस्तुओं के उत्पादन में इस साल जुलाई में 5.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 7.7 प्रतिशत की वृद्धि से कम है।

समीक्षाधीन महीने में मध्यवर्ती वस्तुओं के खंड में 6.8 प्रतिशत वृद्धि हुई जो एक साल पहले 3.2 प्रतिशत थी।

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 12, 2024 07:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).