देश की खबरें | इंदौर करेगा ‘‘यू20’’ कार्यक्रम की मेजबानी, शून्य अपशिष्ट वाला होगा आयोजन

इंदौर (मध्यप्रदेश), 17 मई जी20 समूह की अध्यक्षता कर रहे भारत के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर बृहस्पतिवार को "अर्बन" 20 (यू20) के एक दिवसीय कार्यक्रम की मेजबानी करेगा। कार्यक्रम देश के शहरों के नगरीय प्रशासन को मौजूदा चुनौतियों के मद्देनजर नये सिरे से विकसित करने की थीम पर आधारित होगा। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

गौरतलब है कि ‘‘यू20’’, जी20 समूह की पहल है। ‘‘यू20’’ का मकसद जी20 समूह से जुड़े देशों के शहरी निकायों के बीच विचारों के आदान-प्रदान के जरिये साझेदारी की दिशा में काम करना है ताकि सतत विकास के एजेंडा को आगे बढ़ाया जा सके।

इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने संवाददाताओं से कहा, "यू20 के कार्यक्रम की मेजबानी हमारे लिए गौरव की बात है।"

उन्होंने बताया, "यू20" का कार्यक्रम शून्य अपशिष्ट वाला आयोजन होगा यानी ऐसे प्रबंध किए जाएंगे कि इसमें कम से कम कचरा निकले और इसका निपटान मौके पर ही कर दिया जाए।

अधिकारियों ने बताया, ‘‘यू20’’ के दिन भर चलने वाले कार्यक्रम के दौरान शहरी विकास में डिजिटलीकरण के महत्व, शहरी निकायों के फैसलों एवं नीति बनाने की प्रक्रिया में डेटा की भूमिका और स्थानीय विरासत सहेजने की परियोजनाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय वित्तपोषण के रास्ते तलाशने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।

उन्होंने बताया कि सरकारी मान्यता प्राप्त संस्थान ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट के आयोजित कार्यक्रम में देश के अलग-अलग शहरी निकायों के प्रतिनिधियों और अफसरों के साथ ही कई विषय विशेषज्ञ भाग लेंगे।

केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय इस आयोजन में सहयोगी है।

हर्ष

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)