देश की खबरें | सौर ऊर्जा संयंत्र के लिए इंदौर नगर निगम के हरित बॉन्ड ने जुटाए 721 करोड़ रुपये
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए इंदौर नगर निगम (आईएमसी) द्वारा सार्वजनिक निर्गम (पब्लिक इश्यू) के रूप में पेश हरित बॉन्ड का निवेशकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और इसने करीब 721 करोड़ रुपये का अभिदान जुटाया है।
इंदौर (मध्यप्रदेश), 14 फरवरी सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए इंदौर नगर निगम (आईएमसी) द्वारा सार्वजनिक निर्गम (पब्लिक इश्यू) के रूप में पेश हरित बॉन्ड का निवेशकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और इसने करीब 721 करोड़ रुपये का अभिदान जुटाया है।
यह रकम इस निर्गम के 122 करोड़ रुपये के आधार मूल्य के मुकाबले करीब छह गुना ज्यादा है। आईएमसी के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक आईएमसी ने 60 मेगावॉट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए कुल 244 करोड़ रुपये जुटाने के वास्ते हरित बॉन्ड प्रस्तुत किया था जो घरेलू पूंजी बाजार में देश के किसी भी नगरीय निकाय द्वारा अपनी तरह की पहली पेशकश है।
उन्होंने बताया कि बॉन्ड खुलने के पहले दिन 10 फरवरी को इसे 661.52 करोड़ रुपये का अभिदान प्राप्त हुआ था, जबकि 14 फरवरी (मंगलवार) को इसके बंद होने के वक्त यह आंकड़ा बढ़कर 720.75 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस सार्वजनिक निर्गम ने संस्थागत निवेशकों से सर्वाधिक 229.35 करोड़ रुपये जुटाये, जबकि कॉर्पोरेट निवेशकों से इसे 204.57 करोड़ रुपये का अभिदान प्राप्त हुआ।
उन्होंने बताया कि खुदरा निवेशकों और ‘हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल’ (एचएनआई) निवेशकों से निर्गम को क्रमश: 176.33 करोड़ रुपये और 110.50 करोड़ रुपये का अभिदान हासिल हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि हरित बॉन्ड से जुटाई जाने वाली रकम का इस्तेमाल सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने में किया जाएगा जिससे बनने वाली बिजली से नर्मदा नदी के पानी को पड़ोसी खरगोन जिले के जलूद गांव से 80 किलोमीटर दूर इंदौर लाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि फिलहाल जलूद से मोटर पंप चलाकर नर्मदा जल को इंदौर लाने और इसे घर-घर पहुंचाने में आईएमसी को हर साल करीब 300 करोड़ रुपये खर्च करने पड़ते हैं और सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाने से इस राशि में बड़ी कटौती होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)