खेल की खबरें | इंडोनेशिया मास्टर्स: सिंधू, सेन क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू और विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन ने गुरुवार को यहां अपने-अपने मुकाबले जीतकर इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
जकार्ता, नौ जून दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू और विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन ने गुरुवार को यहां अपने-अपने मुकाबले जीतकर इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
बैंकॉक में थॉमस कप में ऐतिहासिक खिताबी जीत के दौरान भारतीय टीम का हिस्सा रहे अल्मोड़ा के 20 साल के लक्ष्य ने दुनिया के 13वें नंबर के खिलाड़ी डेनमार्क के रासमस गेम्के को 54 मिनट में 21-18 21-15 से हराया।
महिला एकल सिंधू को हालांकि थोडा संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने इंडोनेशिया की ग्रेगोरिया मरिस्का तुनजंग को एक घंटे तक चले दूसरे दौर के मुकाबले को 23-21 20-22 21-11 से अपने नाम किया।
सातवें वरीय सेन अगले दौर में चीनी ताइपे के तीसरे वरीय चोउ टिएन चेन से भिड़ेंगे जिन्होंने पिछले महीनों दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक हुए एकमात्र मुकाबले में थॉमस कप में भारतीय खिलाड़ी के खिलाफ तीन गेम में जीत दर्ज की थी।
क्वार्टर फाइनल में सिंधू के सामने कड़ी चुनौती होगी। चौथी वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी का सामना थाईलैंड की पांचवीं वरीयता प्राप्त रत्चानोक इंतानोन और स्कॉटलैंड की किर्स्टी गिल्मर के बीच मैच की विजेता से होगा।
गैर वरीय तुनजंग के खिलाफ सिंधु ने शानदार शुरुआत की और आक्रामक तरीके से खेलते हुए 10-5 की बढ़त बना ली। उन्होंने शुरू में लंबी रैली का बखूब ही इस्तेमाल किया।
इससे पहले सिंधू से छह बार हार का सामना करने वाली इंडोनेशिया की इस खिलाड़ी ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 15-15 कर दिया। भारतीय खिलाड़ी ने हालांकि अनुभव का इस्तेमाल करते हुए 21 अंक हासिल कर पहला गेम जीत लिया।
दूसरे गेम में मामला बिल्कुल उलटा था तुनजंग ने 10-5 की बढत कायम की लेकिन सिंधू ने फिर स्कोर 15-15 और फिर 20-20 कर दिया। इंडोनेशिया की खिलाड़ी ने दो अंक हासिल कर दूसरा गेम जीत लिया।
तीसरे और निर्णायक गेम में सिंधू ने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को कोई मौका नहीं दिया और मुकाबला अपने नाम कर लिया। अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में पहली बार गेम्के के खिलाफ खेल रहे दुनिया के नौवें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य ने अधिक धैर्य दिखाया और अपनी गलतियों पर अंकुश लगाते हुए जीत दर्ज की।
सेन पहले गेम में शुरुआत में 0-3 से पिछड़ गए लेकिन वापसी करते हुए 9-6 की बढ़त बनाने में सफल रहे। गेम्के हालांकि ब्रेक तक 11-10 के मामूली अंतर से आगे थे। भारतीय खिलाड़ी ने हालांकि ब्रेक के बाद लगातार छह अंक के साथ 16-12 की बढ़त बनाई और फिर आसानी से पहला गेम जीत लिया।
दूसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला अधिक करीबी रहा। अधिकांश समय कभी लक्ष्य को कभी गेम्के बढ़त बनाते रहे। लक्ष्य ने हालांकि 13-12 के स्कोर पर लगातार चार अंक जीते और फिर गेम और मुकाबला अपने नाम किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 09, 2022 08:19 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

