जरुरी जानकारी | भारत का चीनी निर्यात 2022-23 में अबतक 27.83 लाख टन पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. भारत ने चालू विपणन वर्ष 2022-23 में नौ फरवरी तक 27.83 लाख टन चीनी का निर्यात किया है। बांग्लादेश और इंडोनेशिया शीर्ष निर्यात बाजार रहे हैं।
नयी दिल्ली, नौ फरवरी भारत ने चालू विपणन वर्ष 2022-23 में नौ फरवरी तक 27.83 लाख टन चीनी का निर्यात किया है। बांग्लादेश और इंडोनेशिया शीर्ष निर्यात बाजार रहे हैं।
अखिल भारतीय चीनी व्यापार संघ (एआईएसटीए) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एआईएसटीए ने कहा कि अन्य देशों में भारत ने चालू विपणन वर्ष के अक्टूबर से लेकर नौ फरवरी तक जिबूती को 2.47 लाख टन, सोमालिया को 2.46 लाख टन और संयुक्त अरब अमीरात को 2.06 लाख टन चीनी का निर्यात किया है।
चीनी विपणन वर्ष अक्टूबर से सितंबर तक चलता है। सरकार ने विपणन वर्ष 2022-23 के मई तक 60 लाख टन निर्यात की अनुमति दी है।
एआईएसटीए के मुताबिक, मिलों ने इस साल एक अक्टूबर, 2022 से नौ फरवरी तक कुल 27,83,536 टन चीनी का निर्यात किया है।
लगभग 4.24 लाख टन चीनी लदान के अधीन है, जबकि 3.79 लाख टन चीनी रिफाइनरियों को वितरित की गई है, जिसे उक्त अवधि में निर्यात माना जाता है।
दुनिया के प्रमुख चीनी उत्पादक देश भारत से चीनी का निर्यात विपणन वर्ष 2021-22 में 112 लाख टन रहा था।
एआईएसटीए के शुरुआती अनुमानों के अनुसार, 2022-23 विपणन वर्ष के दौरान चीनी उत्पादन इससे पिछले वर्ष के रिकॉर्ड 3.65 करोड़ टन से घटकर 3.58 करोड़ टन रहने का अनुमान है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)