एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | शारदुल के पांच विकेट के दम पर भारत की स्थिति मजबूत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. शारदुल ठाकुर के पांच विकेट की मदद से भारत ने दूसरे क्रिकेट टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के पहली पारी के सात विकेट 191 रन पर निकालकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली ।

खेल की खबरें | शारदुल के पांच विकेट के दम पर भारत की स्थिति मजबूत

जोहानिसबर्ग, चार जनवरी शारदुल ठाकुर के पांच विकेट की मदद से भारत ने दूसरे क्रिकेट टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के पहली पारी के सात विकेट 191 रन पर निकालकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली ।

ठाकुर ने 13. 1 ओवर में 43 रन देकर पांच विकेट लिये जबकि मोहम्मद शमी को दो विकेट मिले ।

भारत के पहली पारी के स्कोर 202 रन से दक्षिण अफ्रीका अभी भी 11 रन पीछे है और शारदुल ने सुनिश्चित कर दिया कि मेजबान टीम को खास बढत मिलने नहीं जा रही ।

लंच के बाद वाले सत्र में दक्षिण अफ्रीका ने 89 रन जोड़े लेकिन तीन विकेट गंवाये जिनमें से दो शारदुल ने लिये । पहले उन्होंने काइल वेरेन्ने को पगबाधा आउट किया जो 21 रन बनाकर लौटे । इसके बाद तेम्बा बावुमा को विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों लपकवाया । पिछली गेंद पर चौका लगाकर अर्धशतक पूरा करने के बाद अगली ही गेंद पर बावुमा अपना विकेट गंवा बैठे ।

बावुमा ने 60 गेंद में छह चौकों और रविचंद्रन अश्विन को जड़े एक छक्के की मदद से 51 रन बनाये । कैगिसो रबाडा खाता भी नहीं खोल सके थे और शमी ने उन्हें मिडआन पर खड़े मोहम्मद सिराज के हाथों लपकवाया ।

चाय के समय केशव महाराज 11 और मार्को जेनसन दो रन बनाकर खेल रहे थे ।

लंच से पहले ठाकुर ने डीन एल्गर (120 गेंद में 28 रन) और युवा कीगन पीटरसन (118 गेंद में 62 रन) को पवेलियन भेजा । पीटरसन का टेस्ट क्रिकेट में यह पहला अर्धशतक है ।

इसके बाद लंच के समय रासी वान डेर डुसेन को आउट किया जिन्होंने 17 गेंद में मात्र एक रन बनाया । विकेट के पीछे ऋषभ पंत का यह कैच हालांकि जमीन को छूता नजर आ रहा था ।

एक समय दक्षिण अफ्रीका का स्कोर एक विकेट पर 88 रन था लेकिन उसने तीन विकेट आधे घंटे में 14 रन के भीतर गंवा दिये ।

जसप्रीत बुमराह ने 17 ओवर में 34 रन दिये लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। वहीं मोहम्मद शमी ने 20 ओवर में 52 रन देकर दो विकेट चटकाये । अश्विन और सिराज को भी कोई सफलता हाथ नहीं लगी ।

मेजबान कप्तान एल्गर को ठाकुर ने विकेट के पीछे पंत के हाथों लपकवाया । वहीं पीटरसन उनकी शॉर्टपिच गेंद पर चकमा खा गए और दूसरे स्लिप में मयंक अग्रवाल को कैच थमा बैठे । पीटरसन का इससे पहले सर्वोच्च टेस्ट स्कोर 19 रन था। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके जड़े ।

उन्होंने एल्गर के साथ दूसरे विकेट के लिये 74 रन की साझेदारी की लेकिन इसके बाद ठाकुर ने आकर मैच की तस्वीर की पलट दी ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 04, 2022 06:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).