देश की खबरें | नवाचार में अग्रणी भूमिका निभाएंगे भारत के ऊर्जावान युवा: बिरला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत के ऊर्जावान और दूरदर्शी युवा पूरी दुनिया में नवाचार और अनुसंधान में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।

नयी दिल्ली, छह मार्च लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत के ऊर्जावान और दूरदर्शी युवा पूरी दुनिया में नवाचार और अनुसंधान में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित ‘बिजनेस कॉन्क्लेव’ में छात्रों को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि भारत की प्रगति और विकास में महिलाएं सबसे आगे हैं।

लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, लोकसभा अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि निकट भविष्य में वे देश में पथप्रदर्शक के रूप में उभरेंगी।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत के युवा और महिलाएं अपनी बुद्धिमता और कड़ी मेहनत से पूरी दुनिया में परिवर्तनकारी बदलाव लाएंगे।

बिरला ने कहा, ‘‘भारत के ऊर्जावान और दूरदर्शी युवा पूरी दुनिया में नवाचार और अनुसंधान में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।’’

उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे शीघ्र अपनी दिशा तय करें, लक्ष्य निर्धारित करें और दृढ़ संकल्प के साथ उन्हें प्राप्त करें।

बिरला ने स्वीकार किया कि तेजी से विकसित हो रही प्रौद्योगिकी के परिदृश्य में मानसिक आयामों के विस्तार की अपार संभावना है।

उन्होंने युवाओं से इस वैश्विक परिवर्तन का ध्वजवाहक बनने का आग्रह करते हुए कहा कि युवा भारत की इस अपार क्षमता को साकार कर सकते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\