खेल की खबरें | भारतीय महिला हॉकी टीम को प्रो लीग के यूरोपीय चरण में मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. अपनी कमजोरियों को दूर करने के लिए कड़ी मेहनत करने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम प्रो लीग के यूरोपीय चरण में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी, जिसकी शुरुआत शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले मैच से होगी।
लंदन, 13 जून अपनी कमजोरियों को दूर करने के लिए कड़ी मेहनत करने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम प्रो लीग के यूरोपीय चरण में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी, जिसकी शुरुआत शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले मैच से होगी।
भारतीय टीम फिलहाल नौ अंकों के साथ तालिका में छठे स्थान पर चल रही। भारत 14 और 15 जून को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ने के बाद 17 और 18 जून को अर्जेंटीना के खिलाफ दो मैच खेलेगा।
टीम इसके बाद 19 जून को एंटवर्प जाएगी जहां उसे बेल्जियम के खिलाफ दो मैच खेलने हैं। ये मैच 21 और 22 जून को खेले जाएंगे। इसके बाद यूरोपीय चरण का समापन बर्लिन में 28 और 29 जून को चीन के खिलाफ मैच के साथ होगा।
मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने हर विभाग में काम किया है। लेकिन मैं जिन दो क्षेत्रों पर ज्यादा ध्यान दे रहा हूं वह हैं गोलकीपिंग और ड्रैग फ्लिकिंग। मैच के परिणाम में इन दोनों की भूमिका काफी अहम होती है। ’’
सिंह ने यह भी बताया कि ड्रैग फ्लिकर दीपिका और मनीषा ने दौरे से पहले नीदरलैंड के दिग्गज ड्रैग-फ्लिक विशेषज्ञ टून सीपमैन की देखरेख में 10 दिवसीय विशेष शिविर में भाग लिया था।
सिंह ने कहा, ‘‘ड्रैग फ्लिकिंग के लिए दीपिका और मनीषा ने टून सीपमैन से प्रशिक्षण लिया, जिनके पास दुनिया के कुछ शीर्ष खिलाड़ियों को कोचिंग देने का वर्षों का अनुभव है।’’
भारतीय महिला टीम फरवरी में प्रो लीग के भारत चरण के दौरान मिली लय को जारी रखना चाहेगी। टीम ने भुवनेश्वर में विश्व की नंबर एक टीम नीदरलैंड को 2-2 से ड्रॉ पर रोका था और शूटआउट के जरिए बोनस अंक अर्जित किया था।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर ऑस्ट्रेलिया और ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ पांच मैत्री मैचों से टीम को सामंजस्य को बेहतर बनाने का मौका मिला है।
सिंह ने कहा, ‘‘"मुझे पूरा विश्वास है कि टीम चार (प्रो लीग) मैचों में अच्छा परिणाम हासिल करेगी।"
प्रो लीग के जरिये भारतीय टीम के पास विश्व कप का टिकट पक्का करने का भी मौका होगा।
बेल्जियम और नीदरलैंड पहले ही विश्व कप के सह-मेजबान के रूप में क्वालीफाई कर चुके हैं और जर्मनी पिछले साल प्रो लीग जीतने के कारण विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर चुका है।
सिंह ने कहा, ‘‘दो टीमें मेजबान के रूप में स्वतः क्वालीफाई कर चुकी हैं। जर्मनी ने पिछली प्रो लीग जीती थी और वह भी क्वालीफाई कर चुका है। इसलिए हमें इंग्लैंड और स्पेन से ऊपर रहना होगा।
इंग्लैंड पांच अंकों के साथ अंक तालिका में सबसे नीचे है जबकि स्पेन 12 मैचों में 14 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 13, 2025 04:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

