खेल की खबरें | भारतीय महिला फुटबॉल टीम बेलारूस से 1-2 से हारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय महिला फुटबॉल टीम को गुरुवार को यहां अपने दूसरे अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में बेलारूस के हाथों 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।
ताशकंद, आठ अप्रैल भारतीय महिला फुटबॉल टीम को गुरुवार को यहां अपने दूसरे अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में बेलारूस के हाथों 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।
दोनों टीमों ने पहले हॉफ में एक दूसरे को बराबरी की टक्कर दी। पहला हॉफ गोलरहित छूटा। बेलारूस ने 66वें मिनट में सुप्पनो नस्तासिया के गोल से बढ़त बनायी जबकि पिलिपेंका हन्ना ने 78वें मिनट में स्कोर 2-0 कर दिया।
भारत की तरफसे संगीता बासफोर ने दूसरे हॉफ के इंजुरी टाइम में गोल करके हार का अंतर कम किया।
उज्बेकिस्तान के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत की और तीसरे मिनट में ही बढ़त हासिल करने के करीब पहुंच गयी लेकिन सौम्या गुगुलोथ का शॉट क्रासबार से टकरा गया।
राइट फुलबैक अंजू तमांग ने लगातार कई अच्छे प्रयास किये लेकिन भारत गोल नहीं कर पाया। इस बीच मनीषा ने भी एक मौका गंवाया।
बेलारूस के पास भी 26वें मिनट में गोल करने का अच्छा मौका था। मिडफील्डर हन्ना का शॉट गोलकीपर के पार चला गया लेकिन डिफेंडर रंजना चानू ने मुस्तैदी दिखाकर उसे गोल में जाने से रोक दिया।
बेलारूस ने मध्यांतर के बाद अधिक आक्रामक खेल दिखाया। उसने गोल भी दाग दिया था लेकिन उसका एक स्ट्राइकर ऑफ साइड दे दिया गया। बेलारूस को इसके बाद पेनल्टी मिली जिसे नस्तासिया ने गोल में बदला।
बेलारूस ने 12 मिनट बाद बढ़त दोगुनी कर दी जब हन्ना ने भारतीय गोलकीपर और रक्षकों को छकाकर बेहतरीन मैदानी गोल दागा।
भारत ने वापसी के लिये प्रयास किये। मनीषा के पास गोल करने का मौका भी था लेकिन वह गोलकीपर को नहीं छका पायी। इंजुरी टाइम में भारत को फ्री किक मिली जिस पर संगीता ने गोल किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 08, 2021 07:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

