बेंगलुरु, 15 फरवरी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली सड़क, मेट्रो रेल और उपनगरीय रेलवे सेवाओं के अलावा उनका मंत्रालय केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से बेंगलुरु शहर तक ट्रेन यात्रा का विकल्प भी पेश करेगा।
हालांकि उन्होंने कहा कि इसे लागू करने से पहले कुछ तकनीकी चुनौतियों का समाधान किया जाना आवश्यक है और रेलवे की टीम उन्हें हल करने पर काम कर रही है।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में लोगों के पास मेट्रो रेल, सड़क और उपनगरीय रेलवे परियोजना के माध्यम से बेंगलुरु हवाई अड्डे तक पहुंच है।
वैष्णव ने कहा कि हम हवाई अड्डे के लिए रेलवे संपर्क का विकल्प भी बना रहे हैं।
उन्होंने याद किया कि अपनी पिछली यात्रा के दौरान वह हवाई अड्डे से शहर तक ट्रेन से यात्रा करके आये थे।
मंत्री ने कहा, "मुझे लगा कि यह 40 से 45 मिनट की आरामदायक यात्रा है। हालांकि, कुछ तकनीकी मुद्दे थे, खासकर रेल फ्लाईओवर बनाने की आवश्यकता थी। टीम ने अब आवश्यक कार्य पूरा कर लिया है और उन्होंने आज मेरे सामने अवधारणा प्रस्तुत की है। मैं इसे जल्द ही आपके साथ साझा करूंगा। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।"
उन्होंने 1.5 करोड़ की आबादी वाले बेंगलुरु शहर के लिए उपनगरीय और मेट्रो परियोजनाओं के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, "यह एक बहुत बड़ा शहर है और हमें मेट्रो और उपनगरीय रेल नेटवर्क का तेजी से विस्तार करने की जरूरत है। राज्य और केंद्र को समन्वय के साथ काम करना चाहिए।"
वैष्णव ने कहा, "मैंने आज सुबह एक विस्तृत समीक्षा की और अब हम प्रस्ताव कर रहे हैं कि रेलवे, बेंगलुरु उपनगरीय रेल परियोजना के लिए ट्रेन की आपूर्ति करेगा।"
बेंगलुरू के चारों ओर रेल परियोजना के बारे में उन्होंने कहा कि इस अवधारणा को अब अंतिम रूप दे दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY