एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | अरब सागर में लाइबेरिया के ध्वज वाले अपहृत जहाज की निगरानी कर रही भारतीय नौसेना

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय नौसेना ने अरब सागर में लाइबेरिया के ध्वज वाले एक वाणिज्यिक जहाज के अपहरण की घटना के बाद एक युद्धपोत को तैनात किया है। इस वाणिज्यिक जहाज में कुछ भारतीय चालक दल के सदस्य भी शामिल हैं।

देश की खबरें | अरब सागर में लाइबेरिया के ध्वज वाले अपहृत जहाज की निगरानी कर रही भारतीय नौसेना

नयी दिल्ली, पांच जनवरी भारतीय नौसेना ने अरब सागर में लाइबेरिया के ध्वज वाले एक वाणिज्यिक जहाज के अपहरण की घटना के बाद एक युद्धपोत को तैनात किया है। इस वाणिज्यिक जहाज में कुछ भारतीय चालक दल के सदस्य भी शामिल हैं।

यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने बृहस्पतिवार को मालवाहक जहाज ‘एमवी लीला नोरफोक’ के अपहरण की घटना की सूचना दी थी। यूकेएमटीओ, एक ब्रिटिश सैन्य संगठन है, जो रणनीतिक जलमार्गों में विभिन्न जहाजों की गतिविधियों पर नजर रखता है।

नौसेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय नौसेना ने अरब सागर में लाइबेरिया के ध्वज वाले मालवाहक जहाज के अपहरण की घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने बताया कि जहाज ने यूकेएमटीओ को एक संदेश भेजा, जिसमें बृहस्पतिवार शाम को जहाज पर लगभग पांच से छह अज्ञात हथियारबंद लोगों के सवार होने का संकेत दिया गया। घटनाक्रम पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय नौसेना ने समुद्री गश्त शुरू की और जहाज की सहायता के लिए समुद्री सुरक्षा संचालन के लिए तैनात आईएनएस चेन्नई का मार्ग परिवर्तित कर दिया।

ऐसी जानकारी सामने आई है कि जहाज के चालक दल में कई भारतीय शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि भारतीय नौसेना के समुद्री गश्त विमान ने शुक्रवार तड़के जहाज के ऊपर से उड़ान भरी और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए जहाज से संपर्क स्थापित किया।

उन्होंने बताया, ‘‘नौसेना के विमान जहाज की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं और आईएनएस चेन्नई सहायता प्रदान करने के लिए जहाज के करीब जा रहा है।’’

उन्होंने बताया कि क्षेत्र की अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।

प्रवक्ता ने बताया, ‘‘भारतीय नौसेना अंतरराष्ट्रीय साझेदारों और मित्र देशों के साथ क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 05, 2024 01:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).