देश की खबरें | भुवनेश्वर में एफआईएच प्रो लीग अभियान की शुरूआत करेंगी भारतीय हॉकी टीमें

नयी दिल्ली, 21 जुलाई भारतीय महिला हॉकी टीम एफआईएच प्रो लीग 2023 . 2024 सत्र के अपने अभियान का आगाज भुवनेश्वर में चीन के खिलाफ करेगी जबकि पुरूष टीम का सामना स्पेन से होगा ।

अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ ने बृहस्पतिवार को पांचवें प्रो लीग के कार्यक्रम की घोषणा की । भारतीय खिलाड़ियों का मानना है कि इस टूर्नामेंट से उन्हें पेरिस ओलंपिक की तैयारी में मदद मिलेगी ।

दोनों टीमें अपने अभियान की शुरूआत भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम और राउरकेला के बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम पर करेंगी ।

एफआईएच नेशंस लीग चैम्पियन भारतीय महिला टीम छह फरवरी को चीन के खिलाफ भुवनेश्वर में खेलेगी । इसके बाद उसे नीदरलैंड, आस्ट्रेलिया और अमेरिका से खेलना है । राउरकेला में उसका सामना चीन, नीदरलैंड, आस्ट्रेलिया और अमेरिका से फिर होगा ।

घरेलू मैचों के बाद भारतीय महिला टीम बेल्जियम और ब्रिटेन में अर्जेंटीना, बेल्जियम, जर्मनी और ब्रिटेन का सामना करेगी ।

वहीं पुरूष टीम 10 फरवरी को कलिंगा स्टेडियम पर पहले मैच में स्पेन से खेलेगी । पिछले सत्र में भारत चौथे स्थान पर रहा था और इस बार नजरें पोडियम पर रहेंगी ।

भारत घरेलू मैचों में स्पेन, नीदरलैंड , आस्ट्रेलिया और आयरलैंड से खेलने के बाद बेल्जियम, जर्मनी और ब्रिटेन में अर्जेंटीना और बेल्जियम से खेलेगा ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)