विदेश की खबरें | हेग में भारतीय दूतावास ने ‘जी20 बीच क्लीनअप’ आयोजित किया; 240 किलोग्राम समुद्री कचरा एकत्र किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. हेग स्थित भारतीय दूतावास ने नीदरलैंड सरकार के साथ मिलकर शहर के प्रसिद्ध शेवेनिंगेन समुद्र तट पर ‘जी20 बीच क्लीनअप’ नामक सफाई कार्यक्रम का आयोजन किया और सिगरेट की 5,410 बट सहित 240 किलोग्राम समुद्री कचरा एकत्र किया।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लंदन, 13 मई हेग स्थित भारतीय दूतावास ने नीदरलैंड सरकार के साथ मिलकर शहर के प्रसिद्ध शेवेनिंगेन समुद्र तट पर ‘जी20 बीच क्लीनअप’ नामक सफाई कार्यक्रम का आयोजन किया और सिगरेट की 5,410 बट सहित 240 किलोग्राम समुद्री कचरा एकत्र किया।

समुद्री कचरे का निपटान जी20 की भारत की अध्यक्षता के तहत कार्य के प्रमुख बिंदुओं में से एक है और शुक्रवार को हेग में किया गया तट की सफाई का काम वैश्विक पहल के तहत समुद्री कचरे की समस्या पर ध्यान आकृष्ट करने तथा महासागरों के सतत विकास की दिशा में मिलकर काम करने की आवश्यकता को रेखांकित करता है।

इस अवसर पर नीदरलैंड में भारत की राजदूत रीनत संधू ने जी20 की भारत की अध्यक्षता में ‘एक पृथ्वी, एक कुटुम्ब, एक भविष्य’ के थीम के पीछे के शक्तिशाली संदेश पर प्रकाश डाला।

दूतावास ने एक बयान में कहा कि राजदूत ने मिशन लाइफ-पर्यावरण के लिए जीवनशैली के महत्व और सतत एवं पर्यावरण के अनुकूल जीवन शैली अपनाने की जरूरत पर जोर दिया।

समुद्री कचरे को कम करने के लिए भारत के निरंतर प्रयासों को रेखांकित करते हुए संधू ने पिछले साल भारत में आयोजित समुद्र तट सफाई अभियान पर प्रकाश डाला, जिसमें 75 समुद्र तटों को 75 दिन की अवधि में साफ किया गया था।

नीदरलैंड सरकार का प्रतिनिधित्व देश के अवसंरचना और जल प्रबंधन मंत्रालय में पर्यावरण मामलों के महानिदेशक और उप-मंत्री अफके वैन रिजन ने किया।

स्थानीय डच नागरिकों सहित 150 से अधिक लोगों ने समुद्र तट की सफाई गतिविधि में सक्रिय रूप से भाग लिया और संयुक्त रूप से सिगरेट की 5,410 बट सहित 240 किलोग्राम समुद्री कचरा एकत्र किया।

अन्य जी20 देशों और आमंत्रित देशों के राजदूतों एवं राजनयिक सहयोगियों ने भी समुद्र तट की सफाई में भाग लिया। लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने 21 मई को दक्षिणी इंग्लैंड के प्रसिद्ध ब्राइटन बीच पर तट की सफाई करने की योजना बनाई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\