विदेश की खबरें | कांगो में भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

जोहानिसबर्ग, दो फरवरी कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य के किंशासा में भारतीय दूतावास ने रविवार को कहा कि वह मध्य अफ्रीकी देश में सुरक्षा स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और बुकावु में सभी भारतीय नागरिकों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है।

दूतावास ने दिन के दौरान तीन परामर्श जारी करके सलाह दी कि हर कोई एक आपातकालीन योजना तैयार करे। कांगो में लगभग 1,000 भारतीय नागरिक हैं।

रवांडा समर्थित एम23 विद्रोहियों ने पूर्वी कांगो के शहर गोमा पर कब्जा कर लिया है और वे अपने नियंत्रण क्षेत्र का विस्तार करने पर विचार कर रहे हैं।

परामर्श में कहा गया है, ‘‘एम23 के बुकावु से केवल 20-25 किलोमीटर दूर होने की खबरें हैं। सुरक्षा स्थिति को देखते हुए हम एक बार फिर बुकावू में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों को सलाह देते हैं कि जो भी साधन उपलब्ध हों उसके जरिये तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं, हालांकि हवाई अड्डे, सीमाएं और वाणिज्यिक मार्ग अब भी खुले हैं। हम बुकावु की यात्रा नहीं करने की कड़ाई के साथ अनुशंसा करते हैं।’’

नवीनतम सलाह में आपातकालीन स्थिति में संपर्क करने के लिए भारतीय नागरिकों के लिए एक नंबर (+243 890024313) और एक मेल आईडी भी दी गई है।

भारतीय दूतावास ने मूल रूप से 30 जनवरी को कांगो के दक्षिण किवु के बुकावु में सभी भारतीय नागरिकों के लिए सलाह जारी की थी।

नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि गोमा में लगभग 1,000 भारतीय नागरिक रह रहे हैं। हालांकि, उन्होंने कहा था कि उनमें से अधिकांश संघर्ष शुरू होने के बाद सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं।

जायसवाल ने यह भी कहा कि पूर्वी कांगो में एमओएनयूएससीओ (कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में संयुक्त राष्ट्र मिशन) शांति स्थापना मिशन के तहत कांगो में लगभग 1,200 भारतीय सैनिक सेवा दे रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)