देश की खबरें | मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में नजर आई भारतीय रेगिस्तानी बिल्ली’

पन्ना, 19 दिसंबर मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में पहली बार भारतीय रेगिस्तानी बिल्ली देखी गई है। प्रदेश के वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह दावा किया है।

पन्ना टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के क्षेत्र संचालक उत्तर कुमार शर्मा ने शनिवार को कहा, ‘‘ एक पर्यटक ने रिजर्व के अकोला बफर जोन में हाल ही रात्री सफारी के दौरान ली गई एक इंडियन डेजर्ट कैट की तस्वीरों को उपलब्ध कराया है।’’

उन्होंने कहा कि जैसा कि नाम से जाहिर है यह बिल्ली रेगिस्तान में पाई जाती है और पानी के बिना भी जीवित रह सकती है। इसकी खासियत यह होती है कि ये गर्मी व ठंड से बचने इसके पैरों तले गद्दी में बाल होते हैं जिससे गर्मियों और ठंड में भी यह आसानी से अपना शिकार तलाश लेती है।

उन्होंने कहा कि पीटीआर के रिकॉर्ड में पहले इस जंगली बिल्ली की मौजूदगी दर्ज की की गई थी।

अधिकारी ने कहा कि पीटीआर के पुराने दस्तावेजों में इंडियन डेजर्ट कैट का नाम था लेकिन इस प्रजाति की फोटोग्राफिक उपस्थिति पहले दर्ज नहीं की गई थी।

उन्होंने कहा कि इससे पहले प्रदेश के नौरादेही अभयारण्य में एक रेगिस्तानी बिल्ली की उपस्थिति दर्ज की गई थी।

उन्होंने कहा कि हम यह पता लगाने के लिए दस्तावेजों की तलाश कर रहे हैं कि मध्य प्रदेश में इसकी उपस्थिति पहले कहां दर्ज की गई थी।

अधिकारी ने कहा कि पीटीआर में रेगिस्तानी बिल्ली की मौजूदगी इस बात के संकेत है कि इसके वन क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाए जाने के कारण विभिन्न जंगली जानवरों की प्रजातियों की संख्या यहां बढ़ रही है।

इससे पहले अगस्त में प्रदेश सरकार के अधिकारियों ने कहा था कि भारत में लुप्तप्राय जानवरों में से एक मछली पकड़ने वाली बिल्ली को पीटीआर में देखा गया है। बिल्ली की यह प्रजाति अधिकांश मछली को अपने भोजन के तौर पर खाती है, विलुप्त होती जा रही है। रिजर्व में लगे कैमरों में इसकी तस्वीर आई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)