देश की खबरें | भारतीय गेंदबाजों के चोटिल होने से फिजियो के ‘कार्यभार और चोट प्रबंधन’ पर उठ रहे सवाल
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 15 जनवरी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच के पहले दिन तेज गेंदबाज नवदीप सैनी के सिर्फ 7.5 ओवर की गेंदबाजी के बाद मांसपेशियों में खिंचाव के कारण बाहर होने से भारतीय टीम के ट्रेनर और फिजियो के काम पर सवाल उठने लग गये हैं।

अपने प्रमुख खिलाड़ियों की चोटों से जूझ रही भारतीय टीम को शुक्रवार को सैनी के चोटिल होने से एक और झटका लगा।

भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा अपने आखिरी चरण में है और भारतीय टीम में चोटिल होने वाले खिलाड़ियों की बड़ी संख्या से चयनकर्ताओं को इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू श्रृंखला के लिए मजबूत गेंदबाजी आक्रमण चुनने में मुश्किल होगी।

खिलाड़ियों के चोटिल होने को दो तरीके में विभाजित किया जा सकता है पहला है ट्रॉमा (खेल या अभ्यास के दौरान चोट लगना) और दूसरा फिटनेस की समस्या से जुड़ा हुआ है। फिटनेस समस्या के कारण खिलाड़ियों के चोटिल होने से टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गये दो फिजियो और दो स्ट्रेथ एवं कंडिशनिंग कोच के काम पर सवाल उठ रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया के चार गेंदबाजों जोश हेजलवुड (98 ओवर), पैट कमिंस (111.1), मिशेल स्टार्क (98) और नाथन लियोन (128 ओवर) ने शुरुआती तीन मैचों में 435.1 ओवर की गेंदबाजी की है और वे पूरी तरह फिट है और ब्रिसबेन में खेले जा रहे चौथे टेस्ट में भी गेंदबाजी करेंगे।

भारत के लिए शुरुआती तीन टेस्ट में छह गेंदबाजों रविचंद्रन अश्विन (134.1 ओवर), जसप्रीत बुमराह (117.4 ओवर) रविन्द्र जडेजा (37.3 ओवर), उमेश यादव (39.4 ओवर) नवदीप सैनी (29 ओवर) और मोहम्मद सिराज (86 ओवर) ने 442 ओवर की गेंदबाजी की है और इसमें से पांच गेंदबाज चोटिल हो गये।

फिटनेस के कारण चोटिल होने वाले में उमेश यादव दो टेस्ट की चार पारियों में पूरी गेंदबाजी नहीं कर सके तो वही सैनी एक टेस्ट और एक सत्र में 36.5 ओवर की गेंदबाजी कर चोटिल हो गये। अश्विन के पीठ में भी श्रृंखला के तीसरे मैच के दौरान जकड़न हो गयी जिससे वह चौथे टेस्ट से बाहर हो गये।

फिटनेस समस्या के कारण टीम से बाहर होने वालों की सूची में हनुमा विहारी का नाम भी शामिल हो गया। उन्होंने सिडनी में 161 गेंद की पारी के अलावा मौजूदा दौरे पर कोई और बड़ी पारी नहीं खेली हैं।

ऐसे में टीम के सीनियर फिजियो नितिन पटेल और उनके जूनियर योगश परमार के साथ स्ट्रेंथ एवं कंडिशनिंग कोच निक वेब और शुम देसाई को कुछ कड़े सवालों के जवाब देने पड़ सकते हैं।

भारतीय टीम के साथ काम कर चुके एक सीनियर फिजियो ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई- से कहा,‘‘ कोई भी शमी, बुमराह या जडेजा की चोट के बारे में नहीं पूछ रहा क्योंकि वह ट्रॉमा से जुड़ा हुआ है। लेकिन उमेश यादव ने इंडियन प्रीमियर लीग में भी कुछ ही मैच खेले या नवदीप सैनी ने पहले दो एकदिवसीय मैच के बाद 40 ओवर की गेंदबाजी भी नहीं की।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)