देश की खबरें | ‘विस्तारवादी’ पड़ोसी को भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब : राय
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने हिमालयी क्षेत्र में चीन-भारत मोर्चे पर हाल में हुई सैन्य कार्रवाई का उल्लेख करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय सैनिकों ने पड़ोसी देश की ‘विस्तारवादी’ गतिविधियों का मुंहतोड़ जवाब दिया और यह इस तथ्य को रेखांकित करता है कि भारत अपनी संप्रभुता और सुरक्षा से कभी समझौता नहीं करेगा।
नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने हिमालयी क्षेत्र में चीन-भारत मोर्चे पर हाल में हुई सैन्य कार्रवाई का उल्लेख करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय सैनिकों ने पड़ोसी देश की ‘विस्तारवादी’ गतिविधियों का मुंहतोड़ जवाब दिया और यह इस तथ्य को रेखांकित करता है कि भारत अपनी संप्रभुता और सुरक्षा से कभी समझौता नहीं करेगा।
राष्ट्रीय राजधानी के चाणक्यपुरी स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक (एनपीएम) में पुलिस स्मरणोत्सव दिवस के दौरान गृह राज्य मंत्री ने कहा कि भारत-चीन वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) की सुरक्षा में जुटी आईटीबीपी ने इस कार्रवाई के दौरान ‘महत्वपूर्ण योगदान’ दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे सैनिकों ने कुछ दिन पहले हमारे पड़ोसी देश की विस्तारवादी गतिविधियों का मुंहतोड़ जवाब दिया है और उनके प्रयास को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया है। इससे यह संदेश गया कि भारत अपनी संप्रभुता और सुरक्षा से कभी समझौता नहीं करेगा।’’
उन्होंने किसी देश का नाम तो नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा चीन तथा लद्दाख एवं अन्य क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच एक साल से अधिक समय तक जारी सैन्य गतिरोध की ओर था।
राय ने पुलिस बलों की बहादुरी और वीरता की सराहना करते हुए कहा कि वे हमेशा ‘‘राष्ट्र विरोधी शक्तियों’’ द्वारा पेश की गई चुनौतियों का सामना करते रहे हैं।
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की प्रशंसा करते हुए राय ने कहा कि 3,488 किलोमीटर लंबी एलएसी की रक्षा करने वाले इस बल ने चीन के मोर्चे पर इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मंत्री ने कहा कि पुलिस बल और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) जैसी विशेष इकाइयां आपदा के दौरान “मदद का हाथ बढ़ाने” में सबसे आगे रहती हैं तथा इस क्षेत्र में उनकी क्षमताओं को और मजबूत करने की आवश्यकता है।’’
उन्होंने कहा कि भारत हर तरह से मजबूत हुआ है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मनोबल बढ़ा है।
उन्होंने कर्तव्य की बलिवेदी पर चढ़ने वाले कर्मियों के सम्मान में पुलिस स्मारक पर माल्यार्पण भी किया। इस अवसर पर उनके सहयोगी गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा और विभिन्न पुलिस संगठनों एवं बलों के प्रमुख भी मौजूद थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)