देश की खबरें | विश्व विश्वविद्यालय खेलों में भारत ने तीन स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. निशानेबाजों के तीन स्वर्ण पदक की बदौलत भारत ने शनिवार को चीन के चेंगदू में चल रहे विश्व विश्वविद्यालय खेलों में चार पदक से अपना खाता खोला।
नयी दिल्ली, 29 जुलाई निशानेबाजों के तीन स्वर्ण पदक की बदौलत भारत ने शनिवार को चीन के चेंगदू में चल रहे विश्व विश्वविद्यालय खेलों में चार पदक से अपना खाता खोला।
ओलंपियन निशानेबाज इलावेनिल वलारिवान ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 2019 के चरण में रजत पदक जीता था।
फिर उनकी साथी निशानेबाज मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल महिला स्पर्धा में दिन का दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया।
मनु ने यशस्विनी सिंह देसवाल और अभिदन्या अशोक पाटिल के साथ मिलकर महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक भी जीत लिया।
भारत ने इस टूर्नामेंट में जूडो में पहली बार पदक जीता जो यामिनी मौर्या ने महिलाओं की 57 किग्रा स्पर्धा में कांस्य पदक के रूप में दिलाया।
भारत ने तीरंदाजी में भी तीसरा पदक पक्का कर लिया है क्योंकि अमन सैनी और प्रगति की कम्पाउंड मिश्रित टीम ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत तीरंदाजी में आठ पदकों की दौड़ में है।
अमन और प्रगति की टीम ने मेजबान चीन को सेमीफाइनल में 152-151 के स्कोर से महज एक अंक से हराकर फाइनल में जगह बनायी।
अब स्वर्ण पदक के लिए उनका सामना कोरिया से होगा।
भारत पदक तालिका में अभी जापान (चार स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य), मेजबान चीन (4-2-2) और कोरिया (4-2-2) से पीछे है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 29, 2023 07:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

