खेल की खबरें | भारत अगले एफटीपी चक्र में दो बार आस्ट्रेलिया का दौरा करेगा, टेस्ट मैच की संख्या बढ़कर पांच हुई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय टीम 2024-2032 के अगले भविष्य दौरा कार्यक्रम (एफटीपी) चक्र में दो बार आस्ट्रेलिया का दौरा कर सकती है जिसमें प्रत्येक श्रृंखला में टेस्ट मैचों की संख्या मौजूदा चार से बढ़कर पांच हो गयी है।
मेलबर्न, आठ जुलाई भारतीय टीम 2024-2032 के अगले भविष्य दौरा कार्यक्रम (एफटीपी) चक्र में दो बार आस्ट्रेलिया का दौरा कर सकती है जिसमें प्रत्येक श्रृंखला में टेस्ट मैचों की संख्या मौजूदा चार से बढ़कर पांच हो गयी है।
‘द ऐज’ की खबर के अनुसार क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) ने ‘‘हाल में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय प्रसारकों को इसके बारे में सूचित किया कि उसने अगले एफटीपी में भारत और इंग्लैंड से दो पूर्ण टेस्ट दौरे हासिल किये हैं जिसमें भारत के दौरों को चार से बढ़ाकर पांच मैचों की श्रृंखला कर दिया गया है। ’’
आस्ट्रेलिया के अंतिम दो टेस्ट दौरों में भारत ने जीत दर्ज की जिसमें प्रत्येक श्रृंखला में चार मैच थे और ये दो जीत उसके इतिहास में दर्ज हो गयीं।
मौजूदा आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) एफटीपी 2018 से 2023 तक है जो पुरूषों के 50 ओवर आईसीसी विश्व कप के साथ समाप्त होगी जो अगले साल भारत में अक्टूबर-नवंबर में खेला जायेगा।
पूर्ण एफटीपी के आधिकारिक रूप से इस महीने के अंत में घोषित होने की संभावना है जो बर्मिंघम में 25 और 26 जुलाई को आईसीसी की सालाना बैठक के करीब होगा।
हाल के वर्षों में आस्ट्रेलियाई दर्शकों के लिये भारत के खिलाफ श्रृंखला आकर्षण रहती है, वहीं आस्ट्रेलिया में पिछली चार मैचों की श्रृंखला ने वित्तीय रूप से जूझ रहे सीए को काफी राहत दी थी जिसमें उसे 300 मिलियन आस्ट्रेलियाई डॉलर का राजस्व मिला था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)