देश की खबरें | भारत 119 खिलाड़ियों सहित तोक्यो ओलंपिक के लिए 228 सदस्यीय दल भेजेगा

नयी दिल्ली, 13 जुलाई भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने मंगलवार को कहा कि भारत 119 खिलाड़ियों सहित तोक्यो ओलंपिक के लिए 228 सदस्यीय दल भेजेगा।

ओलंपिक जाने वाले खिलाड़ियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बातचीत के दौरान बत्रा ने बताया कि 119 खिलाड़ियों में से 67 पुरुष और 52 महिला प्रतिभागी हैं।

बत्रा ने कहा, ‘‘ तोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय दल की कुल संख्या 228 होगी। इसमें 67 पुरुष खिलाड़ी और 52 महिला खिलाड़ी हैं। हम 85 पदक स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेंगे।’’

यह ओलंपिक में भारत का अब तक का सबसे बड़ा खिलाड़ियों का दल होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘ भारत से तोक्यो जाने वाला पहला दल 17 जुलाई को यहां से रवाना होगा। इसमें कुल 90 खिलाड़ी और अधिकारी होंगे।

भारतीय नौकायन दल के चार खिलाड़ी और कोच मंगलवार को तोक्यो पहुंच गए । यूरोप के अलग-अलग देशों में अभ्यास कर रहे नौकायन खिलाड़ी अपने अभ्यास स्थल से जापान की राजधानी पहुंचे।

ये खिलाड़ी यूरोप से यहां पहुंचे हैं, इसलिए उन्हें कोविड-19 को लेकर भारत से आने वाले अन्य खिलाड़ियों पर लगाए गए कड़े प्रतिबंधों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

मुक्केबाजी और निशानेबाजी की टीमें भी क्रमश: इटली और क्रोएशिया से तोक्यो पहुंचेंगी। भारोत्तोलक मीराबाई चानू अमेरिका से 15 या 16 जुलाई को तोक्यो पहुंचेंगी।

तोक्यो ओलंपिक का आयोजन 23 जुलाई से आठ अगस्त तक होगा। महामारी के कारण खेलों के दौरान स्टेडियम में दर्शकों के प्रवेश की अनुमति नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)