IND vs SL T20I Series 2024: सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर के नए युग में दबदबा बरकरार रखने के लिए उतरेगा भारत

गौतम गंभीर और सूर्यकुमार यादव की नवनियुक्त कोच और कप्तान की जोड़ी के साथ भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ शनिवार से यहां शुरू होने वाली तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला में अपनी विशेष छाप छोड़ने की कोशिश करेगी

Suryakumar Yadav( Photo Credit: Instagram)

IND vs SL T20I Series 2024: पालेकल (श्रीलंका), 26 जुलाई गौतम गंभीर और सूर्यकुमार  यादव की नवनियुक्त कोच और कप्तान की जोड़ी के साथ भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ शनिवार से यहां शुरू होने वाली तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला में अपनी विशेष छाप छोड़ने की कोशिश करेगी. दो बार के विश्व कप विजेता गंभीर मुख्य कोच के रूप में जबकि टी20 के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक सूर्यकुमार खेल के इस छोटे प्रारूप में कप्तान के रूप में अपनी नई पारी शुरू करेंगे. गंभीर आईपीएल में कप्तान और मेंटर (मार्गदर्शक) के रूप में काफी सफल रहे हैं. वह राहुल द्रविड़ की जगह लेंगे जिनके कोच रहते हुए भारत ने अच्छी सफलताएं हासिल की थी. यह भी पढ़ें: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में टीम इंडिया और श्रीलंका का एक-दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा है प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आकंड़े

द्रविड़ के मुख्य कोच रहते हुए भारत ने आईसीसी प्रतियोगिताओं में तीनों प्रारूप के फाइनल में जगह बनाई तथा गंभीर को अब इन सफलताओं को नए मुकाम पर पहुंचाना होगा. सूर्यकुमार को कप्तान बनाना थोड़ा हैरानी भरा फैसला रहा क्योंकि रोहित शर्मा के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद हार्दिक पंड्या को इस पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा था. चयन समिति ने सूर्यकुमार के कप्तान के रूप में कम अनुभव को नजरअंदाज करके उन्हें टीम की कमान सौंपी है.

अगला टी20 विश्व कप 2026 में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा तथा चयनकर्ताओं के पास उसके लिए टीम तैयार करने के लिए अभी काफी समय है. भारतीय टीम में यह बदलाव पिछले महीने विश्व कप जीतने तथा रोहित, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद आया है.

भारतीय टीम जब परिवर्तन के दौर से गुजर रही है तब सीमित ओवरों की टीम के उप कप्तान शुभमन गिल इसे अपनी जगह पक्की करने के अवसर के रूप में देख रहे होंगे. केवल वही नहीं यशस्वी जायसवाल, रिंकू सिंह और यहां तक ​​कि रियान पराग जैसे अन्य खिलाड़ी भी ऐसा करना चाहेंगे. अक्षर पटेल टीम में जडेजा की जगह लेने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. उनके अलावा भारत के पास हार्दिक, शिवम दुबे और वाशिंगटन सुंदर के रूप में अच्छे ऑलराउंडर भी मौजूद हैं.

जसप्रीत बुमराह को इस दौरे से विश्राम दिया गया है तथा उनकी अनुपस्थिति में अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज यहां की तेज गेंदबाजों के अनुकूल परिस्थितियों का पूरा लाभ उठाकर टीम में अपनी जगह मजबूत करना चाहेंगे. जहां तक श्रीलंका की बात है तो वह तेज गेंदबाजी विभाग में कमजोर नजर आता है क्योंकि उसके दो अनुभवी गेंदबाज दुष्मंथा चमीरा (ब्रोंकाइटिस और श्वसन संक्रमण) और नुवान तुषारा (उंगली में फ्रैक्चर) श्रृंखला से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह असिथा फर्नांडो और दिलशान मदुशंका को टीम में लिया गया है.

श्रीलंका के टी20 विश्व कप में जल्दी बाहर होने के बाद कप्तान वानिंदु हसरंगा, कोच क्रिस सिल्वरवुड और सलाहकार कोच महेला जयवर्धने ने अपना पद छोड़ दिया था. श्रीलंका ने सनथ जयसूर्या को अंतरिम कोच नियुक्त किया है जिन्होंने अपनी टीम को भारत के स्टार खिलाड़ियों की अनुपस्थिति का पूरा फायदा उठाने के लिए कहा है लेकिन वह अपनी टीम की कमजोरी से भी अच्छी तरह वाकिफ हैं.

भारत की तरह श्रीलंका भी नए दौर की शुरुआत करेगा. उसने कप्तानी की जिम्मेदारी अनुभवी बल्लेबाज चरिथ असलांका को सौंपी है. श्रीलंका घरेलू परिस्थितियों का लाभ उठाकर जीत हासिल करना चाहेगा. उसके पास कई अनुभवी खिलाड़ी है जिनमें पूर्व कप्तान दासुन शनाका, कुसल परेरा, कुसल मेंडिस और दिनेश चांदीमल शामिल हैं.

टीम इस प्रकार हैं:

भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, रिंकू सिंह, रियान पराग, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, खलील अहमद, मोहम्मद सिराज।

श्रीलंका राष्ट्रीय क्रिकेट टीम:  दिनेश चांदीमल, अविष्का फर्नांडो, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), पथुम निसांका, कुसल परेरा, चरिथ असलांका (कप्तान), वानिंदु हसरंगा, कामिंडु मेंडिस, दासुन शनाका, चामिंडु विक्रमसिंघे, बिनुरा फर्नांडो, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका, मथीशा पथिराना, महेश थीक्षाना, डुनिथ वेलालगे

मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

India vs South Africa, T20 World Cup 2026 43rd Match Key Players To Watch Out: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका के बीच आज खेला जाएगा अहम मुकाबला, इन दिग्गज खिलाड़ियों पर होगी सबकी निगाहें

India vs South Africa, T20 World Cup 2026 43rd Match Prediction: अहम मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को हराकर बढ़त बनाना चाहेगा भारत, मैच से पहले जानें कौनसी टीम मार सकती है बाजी

England vs Sri Lanka, T20 World Cup 2026 42nd Match Live Score Update: पल्लेकेले में इंग्लैंड बनाम श्रीलंका के बीच खेला जा रहा है रोमांचक मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

England vs Sri Lanka, T20 World Cup 2026 42nd Match Live Toss And Scorecard: पल्लेकेले में श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड

\