खेल की खबरें | भारत ने धमाकेदार जीत और कोहली के शतक के साथ एशिया कप से विदा ली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. विराट कोहली के बल्ले से लगभग तीन साल बाद शतक निकला और उनके 122 रन की मदद से भारत ने एशिया कप में अफगानिस्तान के खिलाफ औपचारिकता के मुकाबले में 101 रन से जीत दर्ज की ।
दुबई, आठ सितंबर विराट कोहली के बल्ले से लगभग तीन साल बाद शतक निकला और उनके 122 रन की मदद से भारत ने एशिया कप में अफगानिस्तान के खिलाफ औपचारिकता के मुकाबले में 101 रन से जीत दर्ज की ।
कोहली ने 61 गेंद में 12 चौकों और छह छक्कों की मदद से 122 रन की नाबाद पारी खेली जिसके दम पर भारत ने दो विकेट पर 212 रन बनाये ।
पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में करीबी हार से मायूस अफगानिस्तान टीम के बल्लेबाज भुवनेश्वर कुमार की स्विंग गेंदबाजी का सामना नहीं कर सके । भुवनेश्वर ने चार ओवर में सिर्फ चार रन देकर पांच विकेट लिये ।
अफगानिस्तान का स्कोर एक समय 21 रन पर छह विकेट था और 20 ओवर में उसने आठ विकेट पर 111 रन बनाये ।
इससे पहले कोहली ने नवंबर 2019 के बाद पहला और कैरियर का 71वां शतक लाया । इसके साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय शतकों के मामले में रिकी पोंटिंग की बराबरी कर ली और अब वह सचिन तेंदुलकर से पीछे हें ।
नियमित कप्तान रोहित शर्मा को आराम दिया गया और उनकी जगह कप्तानी कर रहे केएल राहुल ने 41 गेंद में 62 रन बनाये । उन्होंने कोहली के साथ पहले विकेट के लिये 76 गेंद में 119 रन जोड़े ।
कोहली ने मनचाही दिशा में शॉट्स खेले और चिर परिचित फॉर्म में लौटने के संकेत दिये । दूसरे छोर पर राहुल ने भी आत्मविश्वास से भरी पारी खेली ।
दोनों सलामी बल्लेबाजों ने स्पिनरों खासकर राशिद खान को संभलकर खेला ।
कोहली ने अपनी पारी में बेहतरीन स्वीप शॉट भी लगाये खासकर मुजीबुर रहमान को लगाया स्ट्रोक दर्शनीय था । उन्हें आठवें ओवर में डीप में मोहम्मद नबी ने जीवनदान भी दिया ।
भारत ने दस ओवर में बिना किसी नुकसान के 87 रन बनाये । कोहली ने तेज गेंदबाज फरीद अहमद की गेंद पर पूल शॉट खेलकर शतक पूरा किया । उन्होंने शतक लगाने के बाद हेलमेट उतारा और अपनी अंगूठी को चूमा । उन्होंने फजलहक फारूकी को दो छक्के और एक चौका लगाकर भारत को 200 के पार पहुंचाया ।
एशिया कप से सुपर फोर चरण से बाहर हुई भारतीय टीम के लिये अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप से पहले कोहली का फॉर्म में लौटना अच्छा संकेत है । उससे पहले भारत को आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका से श्रृंखलायें भी खेलनी है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 08, 2022 11:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

