नयी दिल्ली, 11 जुलाई विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बृहस्पतिवार को म्यांमा के अपने समकक्ष यू थान स्वे से कहा कि भारत म्यांमा में लोकतंत्र की वापसी का समर्थन करता है। साथ ही उन्होंने म्यावाड्डी शहर में साइबर घोटाले में शामिल गिरोहों द्वारा “अवैध रूप से” हिरासत में लिए गए भारतीयों की शीघ्र वापसी पर भी जोर दिया।
यू थान स्वे के साथ बैठक में जयशंकर ने भारत-म्यांमा सीमा पर अवैध मादक पदार्थों के प्रवाह, हथियारों के व्यापार और विद्रोही समूहों की गतिविधियों का मुद्दा भी उठाया।
यह वार्ता दिल्ली में बिम्सटेक समूह के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान हुई।
जयशंकर ने ‘एक्स’ पर कहा, “बिम्सटेक विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान म्यांमा के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री यू थान स्वे से मुलाकात की। सीमा स्थिरता और विस्थापित लोगों के प्रवाह के संबंध में अपनी चिंताओं को साझा किया।”
उन्होंने कहा, “इसके अलावा अवैध मादक पदार्थों और हथियारों के व्यापार तथा उग्रवादी समूहों की गतिविधियों के मुद्दों पर भी बात की गई। साइबर घोटाले करने वाले गिरोहों द्वारा अवैध रूप से हिरासत में लिए गए भारतीयों की शीघ्र वापसी के लिए भी जोर दिया गया।”
विदेश मंत्री ने कहा, “भारत म्यांमा में लोकतंत्र की वापसी का समर्थन करता है और इस संबंध में सभी हितधारकों के साथ बातचीत करता है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY