देश की खबरें | भारत ने कनाडा में खालिस्तान समर्थकों की बढ़ती गतिविधियों पर उच्चायुक्त को तलब किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत ने कनाडा के उच्चायुक्त को तलब किया और कनाडा में खालिस्तान समर्थकों की बढ़ती गतिविधियों पर एक ‘डिमार्शे’ (आपत्ति जताने वाला पत्र) जारी किया। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, चार जुलाई भारत ने कनाडा के उच्चायुक्त को तलब किया और कनाडा में खालिस्तान समर्थकों की बढ़ती गतिविधियों पर एक ‘डिमार्शे’ (आपत्ति जताने वाला पत्र) जारी किया। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
खालिस्तान समर्थक समूहों द्वारा भारतीय राजनयिकों से संबंधित कुछ पोस्टर जारी करने के बाद कनाडा के उच्चायुक्त को तलब किया गया।
पता चला है कि भारत ने कनाडा के अधिकारियों से आठ जुलाई को कनाडा में भारतीय मिशन के बाहर खालिस्तान समर्थक समूहों के विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर उचित कदम उठाने को भी कहा है। सूत्रों ने बताया कि उच्चायुक्त को सोमवार को विदेश मंत्रालय में तलब किया गया और एक ‘डिमार्शे’ सौंपा गया।
सूत्रों ने कहा कि भारत ने अमेरिका के साथ सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास पर खालिस्तान समर्थकों द्वारा किए गए हमले का मामला भी उठाया है।
यह कुछ महीनों के भीतर सैन फ्रांसिस्को में राजनयिक मिशन पर हमले की ऐसी दूसरी घटना है। खालिस्तान समर्थक प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने 19 मार्च को सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास पर हमला और तोड़फोड़ की थी।
खालिस्तान समर्थकों ने दो जुलाई का एक वीडियो ट्विटर पर साझा किया, जिसमें सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास में कुछ लोगों को आगजनी की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है।
सूत्रों ने कहा कि अमेरिकी अधिकारियों ने हमले की निंदा की और वे इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए तत्परता से कदम उठा रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)