देश की खबरें | भारत आयुष क्षेत्र को बढ़ावा देकर दुनिया को एक साथ लाने के लिए प्रयासरत : मंत्री सर्बानंद सोनोवाल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शुक्रवार को कहा कि भारत, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आयुष क्षेत्र को बढ़ावा देकर दुनिया को एक साथ लाने का काम कर रहा है।
पणजी, 14 जुलाई केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शुक्रवार को कहा कि भारत, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आयुष क्षेत्र को बढ़ावा देकर दुनिया को एक साथ लाने का काम कर रहा है।
सोनोवाल, गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में एक आयुष सुविधा केंद्र का उद्घाटन करने के बाद एक समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में, आयुष ने दुनिया में अपनी पहुंच और विश्वसनीयता हासिल की है और लोग इसे अपने जीवन को बेहतर बनाने के एक साधन के रूप में स्वीकार कर रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि जीएमसीएच में बनाया गया यह सुविधा केंद्र गोवा के लोगों को समर्पित है और देश में यह इस तरह का पहला सुविधा केंद्र है।
उन्होंने राज्य सरकार से गोवा में आयुष (आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी) के बारे में "सूचना देने, शिक्षा देने और इस बारे में संवाद" करने की अपील की।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार को गांवों में शिविर लगाने चाहिए और आयुष के प्रति जनभागीदारी बढ़ानी चाहिए।
सोनोवाल ने दावा किया कि 2014 तक आयुष क्षेत्र पर वैसा ध्यान नहीं दिया गया, जिसका वह हकदार था। उन्होंने कहा कि पारंपरिक चिकित्सा के केवल कुछ चिकित्सकों ने इसे गांवों में जीवित रखा था।
मंत्री ने कहा कि आयुष को मुख्यधारा में लाने का श्रेय प्रधानमंत्री को जाता है। उन्होंने शोधकर्ताओं से आयुष में विभिन्न बीमारियों के लिये वैज्ञानिक साक्ष्य-आधारित दवाएं बनाने की दिशा में काम करने का आग्रह भी किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)