देश की खबरें | भारत-फिलीपीन की दोस्ती स्थायी, नयी ऊंचाई छूने के लिए तैयार : जयशंकर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को कहा कि भारत-फिलीपीन संबंधों की जड़ें लोकतांत्रिक मूल्यों, बहुलतावादी लोकाचार और आर्थिक समानताओं में समाई हुई हैं।
नयी दिल्ली, 13 नवंबर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को कहा कि भारत-फिलीपीन संबंधों की जड़ें लोकतांत्रिक मूल्यों, बहुलतावादी लोकाचार और आर्थिक समानताओं में समाई हुई हैं।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच दोस्ती वास्तव में “स्थायी” है और अब यह “नयी ऊंचाई” छूने को तैयार है।
जयशंकर ने भारत-फिलीपीन राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में नयी दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि दोनों देश “अंतरराष्ट्रीय कानून, मानदंडों और नियमों को बनाए रखने के लिए दृढ़ प्रतिबद्ध हैं।”
भारत और फिलीपीन के बीच औपचारिक रूप से 26 नवंबर 1949 को राजनयिक संबंध कायम हुए थे। दक्षिण एशिया के कई देशों की तरह ही फिलीपीन के भी भारत के साथ गहरे सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध हैं।
जयशंकर ने कहा, “मुझे आज आपके साथ जुड़कर खुशी हो रही है, क्योंकि हम भारत-फिलीपीन के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। मैं भारत की सरकार और जनता की तरफ से फिलीपीन की सरकार और जनता को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।”
उन्होंने कहा, “हमारे संबंध लोकतांत्रिक मूल्यों, बहुलतावादी लोकाचार और आर्थिक समानताओं में निहित हैं” और “हम दोनों देश अंतरराष्ट्रीय कानून, मानदंडों और नियमों को बनाए रखने के लिए दृढ़ प्रतिबद्ध हैं।
विदेश मंत्री ने कहा, “पिछले कुछ वर्षों में हमारे रिश्ते खासतौर पर मजबूत हुए हैं। प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी और राष्ट्रपति (फर्डिनेंड आर) मार्कोस ने इस मजबूती की दिशा निर्धारित की है। मुझे (फिलीपीन के) विदेश मंत्री (एनरिक) मनालो के साथ इसके कार्यान्वयन को देखने का सौभाग्य मिला है।”
उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग भी “आगे बढ़ा है” और यह “हिंद-प्रशांत में साझा हितों से प्रेरित है।”
जयशंकर ने कहा, “यह वर्षगांठ हमने जो हासिल किया है, उसका जश्न भी है और आगे क्या होने वाला है, इसका भी संकेत देती है। हमारी दोस्ती सच्ची और स्थायी है, जो नयी ऊंचाई छूने के लिए तैयार है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)