देश की खबरें | इंडिया ओपन, हैदराबाद ओपन रद्द; सुदीरमन कप और विश्व टूर फाइनल्स को चीन से हटाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने कोविड-19 महामारी से प्रभावित अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर (टूर्नामेंट कार्यक्रम) के बचे हुए सत्र से इंडिया ओपन सुपर 500 और हैदराबाद ओपन सुपर 100 टूर्नामेंटों को सोमवार को रद्द कर दिया।
नयी दिल्ली, 28 जून विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने कोविड-19 महामारी से प्रभावित अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर (टूर्नामेंट कार्यक्रम) के बचे हुए सत्र से इंडिया ओपन सुपर 500 और हैदराबाद ओपन सुपर 100 टूर्नामेंटों को सोमवार को रद्द कर दिया।
चार लाख डॉलर (लगभग 2.97 करोड़ रूपये) पुरस्कार राशि वाला इंडिया ओपन तोक्यो ओलंपिक के क्वालीफायर प्रतियोगिताओं में से एक था। मई में 11 से 16 तारीख तक आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट को राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 के मामले बढ़ने के कारण अप्रैल में स्थगित किया गया था।
एक लाख डॉलर (लगभग 74 लाख रूपये) इनामी राशि वाले हैदराबाद ओपन को 24 से 29 अगस्त तक आयोजित किया जाना था।
नये कैलेंडर के अनुसार हालांकि सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल सुपर 300 टूर्नामेंट को जगह दी गयी है। इसका आयोजन लखनऊ में 12 से 17 अक्टूबर तक होना है।
अन्य घोषणाओं में बीडब्ल्यूएफ ने कहा कि फिनलैंड सितंबर-अक्टूबर में सुदीरमन कप फाइनल की मेजबानी करेगा जबकि सत्र के अंत में विश्व टूर फाइनल का आयोजन इंडोनेशिया में किया जाएगा।
इन दोनों प्रतियोगिताओं का आयोजन चीन में होना था लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण जारी प्रतिबंधों की वजह से इन टूर्नामेंटों को वहां से हटाने का फैसला किया गया।
शीर्ष निकाय ने दिसंबर में स्पेन में होने वाली प्रतिष्ठित विश्व चैंपियनशिप को दो सप्ताह आगे बढ़ाने का भी फैसला किया।
बीडब्ल्यूएफ ने कहा, ‘‘कोविड-19 प्रतिबंधों का मतलब है कि इस साल चीन में टूर्नामेंट आयोजित करना संभव नहीं है। इसलिए, सुदीरमन कप फाइनल 2021 और विश्व टूर फाइनल 2021 के लिए वैकल्पिक मेजबान शहरों को चुना गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ फिनलैंड का वांता 39वें सप्ताह (26 सितंबर - तीन अक्टूबर 2021) के दौरान सुदीरमन कप फाइनल 2021 की मेजबानी करेगा।’’
इसके बाद डेनमार्क के आरहूस (नौ से 17 अक्टूबर) में थॉमस और उबेर कप फाइनल्स 2020 का आयोजन होगा जिसे पिछले साथ स्थगित कर दिया गया था।
इसके बाद डेनमार्क ओपन (19-24 अक्टूबर), फ्रेंच ओपन (26-31 अक्टूबर) और सारलोरलक्स ओपन (दो से सात नवंबर तक जर्मनी में) तक आयोजन होगा।
बीडब्ल्यूएफ संचालन समिति इसके बाद पिछले साल थाईलैंड में बने बायो-बबल की तरह इंडोनेशिया में एक बायो-बबल बनाएगी, जिसमें विश्व टूर फाइनल सहित एशियाई चरण के तीन-टूर्नामेंटों का आयोजन होगा।
इंडोनेशिया मास्टर्स और इंडोनेशिया ओपन क्रमश: 16-21 नवंबर और 23-28 नवंबर के बीच खेले जाएंगे, इसके बाद एक से पांच दिसंबर तक विश्व टूर फाइनल्स होगा।
उन्होंने बताया, ‘‘कैलेंडर के आखिरी टूर्नामेंट विश्व चैम्पियनशिप का आयेजन स्पेन के ह्यूलेवा में 50वें सप्ताह (12 से 19 दिसंबर 2021) में होगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 28, 2021 03:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

