एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | भारत-न्यूजीलैंड द्विपक्षीय संबंधों में नयी गति आई है: राष्ट्रपति मुर्मू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के द्विपक्षीय संबंधों में नयी गति आई है, जो उच्च स्तरीय संपर्कों और विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ती भागीदारी से पैदा हुई है।

विदेश की खबरें | भारत-न्यूजीलैंड द्विपक्षीय संबंधों में नयी गति आई है: राष्ट्रपति मुर्मू
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

वेलिंगटन, आठ अगस्त राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के द्विपक्षीय संबंधों में नयी गति आई है, जो उच्च स्तरीय संपर्कों और विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ती भागीदारी से पैदा हुई है।

मुर्मू तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण के तहत बुधवार को न्यूजीलैंड पहुंचीं। यहां पहुंचने पर उन्हें शाही सलामी गारद दिया गया।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भारत के राष्ट्रपति के आधिकारिक खाते पर लिखा गया कि गवर्नर जनरल डेम सिंडी कीरो ने ‘गवर्नमेंट हाउस’ में राष्ट्रपति मुर्मू के सम्मान में राजकीय भोज का आयोजन किया। इस भोज में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन सहित कई गणमान्य लोगों के साथ-साथ न्यूजीलैंड के भारतीय समुदाय के प्रतिष्ठित प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

इस पोस्ट के जरिए भोज की कई तस्वीरें साझा की गईं।

पोस्ट में कहा गया, ‘‘राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि हमारे द्विपक्षीय संबंधों में नयी गति आई है, जो उच्च स्तरीय संपर्कों और विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ती भागीदारी से उत्पन्न हुई है। गवर्नर जनरल डेम कीरो ने समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए राष्ट्रपति मुर्मू की प्रतिबद्धता और पहल की सराहना की।’’

इससे पहले, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने खासतौर से शिक्षा, व्यापार और संस्कृति में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

विदेश मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत-न्यूजीलैंड साझेदारी को बढ़ावा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ चर्चा की। दोनों पक्षों ने खासतौर से शिक्षा, व्यापार और संस्कृति में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।’’

इससे पहले, मुर्मू ने न्यूजीलैंड की गवर्नर जनरल डेम सिंडी कीरो और उपप्रधानमंत्री विंस्टन पीटर्स से मुलाकात कर मैत्रीपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों एवं विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।

राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने न्यूजीलैंड की गवर्नर जनरल डेम सिंडी कीरो से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों की सराहना की और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की।’’

बाद में, पीटर्स ने भी राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात की। पीटर्स न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री भी हैं।

मुर्मू के कार्यालय ने कहा, ‘‘दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति को रेखांकित किया और कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया।’’

उन्होंने वेलिंगटन में न्यूजीलैंड अंतरराष्ट्रीय शिक्षा सम्मेलन को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा की परिवर्तनकारी शक्ति के बारे में बात की।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ‘‘शिक्षा हमेशा मेरे दिल के करीब रही है। मैंने शिक्षा की परिवर्तनकारी शक्ति को प्रत्यक्ष रूप से देखा और अनुभव किया है। शिक्षा केवल एक व्यक्तिगत प्रयास नहीं है, बल्कि सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण का माध्यम भी है।’’

उन्होंने कहा कि 21वीं सदी के भारत में शिक्षा व्यवस्था एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

मुर्मू ने कहा कि भारत ने विविध क्षेत्रों में नेता दिए हैं जो न केवल भारत में, बल्कि दुनियाभर में योगदान दे रहे हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि आज भारत में एक युवा आकांक्षी जनसांख्यिकी है जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के लिए तैयार है।

मुर्मू ने कहा, ‘‘भारतीय माता-पिता अपने बच्चों के लिए सर्वोत्तम संभव शिक्षा की आकांक्षा रखते हैं और यह वास्तव में स्वागत योग्य है कि अनेक भारतीय छात्र न्यूजीलैंड के विभिन्न संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। 8,000 भारतीय छात्र पूरे न्यूजीलैंड में विभिन्न पाठ्यक्रमों में पढ़ाई कर रहे हैं, जिससे वे यहां अंतरराष्ट्रीय छात्रों का दूसरा सबसे बड़ा समूह बन गए हैं।’’

उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड अनुसंधान और नवाचार, समावेशिता और उत्कृष्टता पर विशेष ध्यान देने के साथ अपनी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा के लिए प्रसिद्ध है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि न्यूजीलैंड शिक्षा सम्मेलन शिक्षा में जारी सहयोग को मजबूत करने और सहयोग के नए क्षेत्रों की खोज करने का एक शानदार अवसर प्रदान करता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 08, 2024 11:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).