एजेंसी न्यूज

भारत, इजराइल द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर सहमत

इजराइल की नयी सरकार ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व में रविवार को शपथ ग्रहण की और इसके साथ ही देश के इतिहास में सर्वाधिक लंबे राजनीतिक गतिरोध पर विराम लग गया। इस गतिरोध के चलते देश को 500 से अधिक दिन तक कार्यवाहक सरकार के नेतृत्व में काम करना पड़ा और एक के बाद एक तीन आम चुनावों का सामना करना पड़ा जिनमें किसी को स्पष्ट जनादेश नहीं मिला।

भारत, इजराइल द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर सहमत

यरूशलम, 19 मई यहूदी देश में नयी सरकार के शपथ ग्रहण के बाद इजराइल और भारत के विदेश मंत्रियों ने पारस्परिक रूप से लाभकारी भागीदारी के लिए बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत और विस्तारित करने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया है।

इजराइल की नयी सरकार ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व में रविवार को शपथ ग्रहण की और इसके साथ ही देश के इतिहास में सर्वाधिक लंबे राजनीतिक गतिरोध पर विराम लग गया। इस गतिरोध के चलते देश को 500 से अधिक दिन तक कार्यवाहक सरकार के नेतृत्व में काम करना पड़ा और एक के बाद एक तीन आम चुनावों का सामना करना पड़ा जिनमें किसी को स्पष्ट जनादेश नहीं मिला।

इजराइली संसद ‘नेसेट’ में विश्वासमत के दौरान नयी सरकार के पक्ष में 73 तथा विपक्ष में 46 वोट पड़े।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को अपने नवनियुक्त इजराइली समकक्ष गाबी अश्केनजी को बधाई दी जो इजराइली रक्षा बलों के पूर्व प्रमुख हैं।

जयशंकर ने हिब्रू में ट्वीट किया, ‘‘इजराइली विदेश मंत्री के रूप में पदभार संभालने पर माजाल तोव (बधाई) गाबी अश्केनजी। हमारी बहुआयामी और पारस्परिक लाभ वाली भागीदारी को मजबूत करने के लिए मैं आपके साथ मिलकर काम करने को आशान्वित हूं।’’

अश्केनजी ने जयशंकर का धन्यवाद व्यक्त किया और दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया।

इजराइली विदेश मंत्री ने सोमवार को हिन्दी और अंग्रेजी में ट्वीट किया, ‘‘धन्यवाद डॉ. जयशंकर। मैं भी भारत और इजराइल के बीच विभिन्न क्षेत्रों में संबंधों को मजबूत और विस्तारित करने के लिए आपके साथ मिलकर काम करने को आशान्वित हूं।’’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व के उन नेताओं में शामिल थे जिन्होंने नेतन्याहू को रिकॉर्ड पांचवीं बार सरकार का गठन करने पर रविवार को पहले-पहल बधाई दी थी।

मोदी ने हिन्दी और अंग्रेजी में ट्वीट किया था, ‘‘इजराइल में पांचवीं बार सरकार बनाने के लिए माजाल तोव (बधाई) मेरे मित्र नेतन्याहू।’’

नेतन्याहू ने इसके जवाब में रविवार को हिब्रू में ट्वीट किया, ‘‘धन्यवाद मेरे प्रिय मित्र, भारत के प्रधानमंत्री। हम हमारे बीच महत्वपूर्ण संबंधों को मजबूत बनाना जारी रखेंगे।’’

इजराइल में राजनीतिक गतिरोध का तब समापन हुआ जब 70 वर्षीय नेतन्याहू और उनके प्रतिद्वंद्वी रहे बेनी गैंट्ज ने सत्ता साझेदारी समझौते के तहत गठबंधन सरकार बनाने के लिए आपस में हाथ मिला लिया।

समझौते के तहत गैंट्ज 18 महीने बाद 17 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री का पद संभालेंगे और तब तक वह रक्षा मंत्री के रूप में काम करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 19, 2020 03:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).