देश की खबरें | मोदी को फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिलने पर गर्व महसूस कर रहा है भारत : भाजपा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों द्वारा वहां के सर्वोच्च नागरिक एवं सैन्य सम्मान 'ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर' से नवाजे जाने पर भारत गौरवान्वित और प्रसन्न महसूस कर रहा है।
नयी दिल्ली, 14 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों द्वारा वहां के सर्वोच्च नागरिक एवं सैन्य सम्मान 'ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर' से नवाजे जाने पर भारत गौरवान्वित और प्रसन्न महसूस कर रहा है।
मोदी इस सम्मान से नवाजे जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बन गए हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने उन्हें इस सम्मान से नवाजा।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि 14 देशों ने मोदी को अपने शीर्ष सम्मान से नवाजा है, जबकि पांच अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने भी उन्हें इसी तरह के सम्मान से सम्मानित किया है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका, रूस, फलस्तीन और इजराइल उन देशों में शामिल हैं जिन्होंने प्रधानमंत्री को सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि यह विभिन्न देशों को एक साथ लाने की प्रधानमंत्री मोदी की क्षमता को दर्शाता है और दुनिया भर में उनके द्वारा अर्जित सम्मान को रेखांकित करता है।
गोयल ने मोदी को सबसे लोकप्रिय वैश्विक नेता बताते हुए कहा कि दुनिया उन पर भरोसा करती है और इसने उन्हें सबसे चहेता नेता बनाया है।
उन्होंने कहा कि भारतीयों को इस पर बहुत खुशी और गर्व महसूस होता है क्योंकि वह दुनिया भर में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इससे पहले किसी अन्य भारतीय नेता को फ्रांसीसी सम्मान नहीं मिला था और मोदी नेल्सन मंडेला, किंग चार्ल्स और एंजेला मर्केल जैसे नेताओं की सूची में शामिल हो गए हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक ट्वीट में कहा, "यह सम्मान दोनों राष्ट्रों के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के दृढ़ प्रयासों की मान्यता में एक महत्वपूर्ण अवसर है और 140 करोड़ भारतीयों के लिए एक बड़ा सम्मान है, जिसका वह प्रतिनिधित्व करते हैं।"
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि यह सम्मान वैश्विक मंच पर हमारे राष्ट्र को आगे ले जाने के लिए 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक भावना का सम्मान है।
प्रधानमंत्री मोदी को पहले भी कई देशों ने अपने सर्वोच्च पुरस्कार से नवाजा है। जून 2023 में मिस्र ने उन्हे ‘ऑर्डर ऑफ द नाइल’, मई 2023 में पापुआ न्यू गिनी ने ‘कम्पैनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ लोगोहू’, मई 2023 में फिजी ने ‘कम्पैनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी’, मई 2023 में पलाऊ गणराज्य ने ‘एबाकल पुरस्कार’, मई 2021 में भूटान ने ‘ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो’, 2020 में अमेरिकी सरकार ने ‘लिजन ऑफ मेरिट’, 2019 में बहरीन ने ‘किंग हमद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां’ और 2019 में मालदीव ने ‘ऑर्डर ऑफ द डिस्टिंग्विश्ड रुल ऑफ इज्जुद्दीन’ से सम्मानित किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)